बड़सर (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झिरालड़ी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह में विद्यार्थियों ने पंजाबी गिद्दा, भंगड़ा, नाटी, हरियाणवी नृत्य, लोक गीत, समूह गान सहित अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। वहीं स्कूल को अपनी ओर से ग्यारह हजार रुपये देने की घोषणा की। इससे पूर्व स्कूल प्रधानाचार्य आनंद किशोर ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया। इस मौके पर विजिलेंस विंग की एएसपी रेणु शर्मा, सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर प्रीतम चंद, बीडीसी सदस्य डैनी जसवाल, विनोद कुमार, पंचायत सदस्य सतीश कुमार और कंचन शर्मा, कैप्टन बुद्धि सिंह आदि मौजूद रहे।