सुजानपुर(हमीरपुर)। प्राथमिक सैनिक स्कूल सुजानपुर का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह वीरवार को धूमधाम से मनाया गया। समारोह में स्कूल के अध्यक्ष एमके महावर बतौर मुख्यातिथि जबकि संध्या महावर, कार्यवाहक सचिव कर्नल राजिंदर सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्राथमिक सैनिक स्कूल शिक्षा क्षेत्र के साथ-साथ हर तरह के सामाजिक दायित्व निभा रहा है। स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चे विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्कूल में वार्षिक कार्यक्रम के अलावा प्रत्येक माह कोई न कोई गतिविधि बच्चों को लेकर चली रहती है। इससे बच्चों का संपूर्ण विकास होता है। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक पीटी, पर्यावरण संरक्षण, हरियाणवीं नृत्य, लोक नृत्य, समूह नृत्य सहित अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की मुख्य शिक्षक मीना महाजन ने की। उन्होंने वार्षिक रिपोर्ट में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर बच्चों के अभिभावक विशेष रूप से उपस्थित रहे।