हमीरपुर। अब डिजिटल स्क्रीन से गांधी चौक हमीरपुर का सौंदर्यीकरण होगा। मरम्मत कार्य पर पांच लाख की राशि खर्च होगी। मरम्म्त कार्य को शुरू करने के लिए बुधवार को नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास और कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी स्मारक में पहुंचे। पदाधिकारियों ने स्मारक का निरीक्षण कर ठेकेदार को शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। गांधी चौक की बिगड़ी सूरत के मसले को सात फरवरी के अंक में प्रमुखता से उठाया गया था। इसपर नगर परिषद के पदाधिकारियों ने कड़ा संज्ञान लिया है। निरीक्षण के दौरान ही स्मारक स्थल के नीचे स्थापित किए गए बेंचों को हटवाया गया और तीन सप्ताह के भीतर ठेकेदार को कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए ताकि बाजार में आने-जाने वाले लोगोंं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वर्तमान में गांधी चौक स्मारक पर जगह-जगह निजी संस्थानों के पोस्टर, होर्डिंग्स लगे हुए हैं, जो स्मारक की शोभा को खंडित कर रहे हैं। स्थानीय लोगों सुखदेव, राकेश, प्रदीप, कमीनी, अनीता, आदर्श आदि ने नगर परिषद से कई बार स्मारक की मरम्मत कराने की मांग की थी लेकिन आनाकानी के चलते कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। अब गांधी चौक स्मारक में डिजिटल स्क्रीन, फर्श पर मार्बल और पंखे सहित बेंचों की भी उचित व्यवस्था होगी। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि गांधी चौक स्मारक के जीर्णोद्धार को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। मरम्मत कार्य पर पांच लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। स्मारक का निरीक्षण कर ठेकेदार को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए है।