हमीरपुर। कोरोना महामारी को दूर भगाने का सबसे बढ़िया तरीका कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने पत्नी सहित डॉ राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कोविड-19 वैक्सीन का इंजेक्शन लगवाने के बाद यह बात कही। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को शानदार नेतृत्व दिया है।
उनके नेतृत्व में दो कोरोना वैक्सीन का निर्माण देश में हुआ है। जिनके माध्यम से देश में तो लोगों का उपचार किया जा रहा है, साथ ही विदेशों से भी वैक्सीन की भारी मांग हो रही है। मुझे तो पता ही नहीं चला इंजेक्शन कब लग गया। धूमल ने आग्रह किया है कि देशवासी, प्रदेशवासी और विशेषत: हमीरपुरवासी सभी बिना डरे इस कोविड 19 वैक्सीन का इंजेक्शन लगवाएं। इसमें कोई दर्द नहीं होता और एक ऐसे रोग से छुटकारा पाने की संभावनाएं बढ़ जाती है जिससे आज सारा विश्व दुखी है।