हमीरपुर। शिक्षा विभाग के सौजन्य से समग्र शिक्षा के तहत सरकारी और निजी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के लड़के और लड़कियों की राज्यस्तरीय दो दिवसीय बैंड प्रतियोगिता शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में शुरू हुई। प्रतियोगिता के प्रथम दिन किन्नौर, सिरमौर, सोलन, हमीरपुर, चंबा जिलों के लड़कों और किन्नौर जिले की लड़कियों ने भाग लिया। शिमला, बिलासपुर, मंडी, ऊना, कांगड़ा तथा हमीरपुर जिले के प्रतिभागी प्रतियोगिता के दूसरे दिन भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लड़के तथा लड़कियों की एक-एक टीम चुनी जाएगी, जो इसी माह जिला शिमला में होने वाली जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
इसी प्रकार जोनल स्तर पर उत्कृष्ट रहने वाली लड़के तथा लड़कियों की टीम दिल्ली में 26 जनवरी से पहले होने वाली राष्ट्रीय स्तर की बैंड प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इस मौके पर राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा आशीष कोहली, प्रधानाचार्य एवं जिला परियोजना अधिकारी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान राजेंद्र पाल शर्मा, राज्य परियोजना समन्वयक रेणु बाला, स्थानीय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंजु ठाकुर आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर की छात्राओं ने लोक नृत्य तथा डाइट गौना करोर के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने मनमोहन नाटी प्रस्तुत की। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोहारली के बच्चों ने भी बांसुरी और बैंड की धुन पर लोक गीतों की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता का समापन रविवार को शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज करेंगे और विजेता टीमों को सम्मानित करेंगे।