हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर की अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने से शुक्रवार को यहां टेस्ट करवाने आए मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। अस्पताल में दो अल्ट्रासाउंड मशीनें हैं लेकिन, इनमें से एक पहले से ही खराब पड़ी हुई है। शुक्रवार सुबह अल्ट्रासाउंड मशीन चल तो रही थी, लेकिन अचानक बिजली गुल हुई। जब बिजली बहाल हुई तो अल्ट्रासाउंड मशीन भी नहीं चली और लोगों के अल्ट्रासाउंड नहीं हुए। इस दौरान लैब में जांच करवाने आए लोगों खासकर गर्भवती महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, कई इमरजेंसी मरीजों को निजी लैबों में महंगे दामों पर अल्ट्रासाउंड करवाने पड़े।
अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग की अधिकतर मशीनें अचानक खराब हो जाती हैं। चाहे यह सीटी स्कैन हो, एक्स-रे की हो या अल्ट्रासाउंड की। पूर्व में कई दिन तक अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन भी बंद रही थी। अब सीटी स्कैन मशीन तो चल पड़ी है लेकिन, अल्ट्रासाउंड मशीन ठप हो गई है। मरीजों को बाहरी लैबों में महंगे दामों पर एक्स-रे करवाने पड़े। जबकि, मरीजों ने मेडिकल कॉलेज के कैश काउंटर पर अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए कैश भी जमा करवा दिया था। लोगों में प्रियंका, संतोष कुमार, तरुण शर्मा, विनोद कुमार का कहना है कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे बिजली के एक हल्के से कट के बाद अल्ट्रासाउंड मशीन भी ठप हो गई। इस कारण उन्हें मरीजों को लेकर वहां से बैरंग ही आना पड़ा। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा का कहना है कि मशीनों को ठीक करवा दिया जाएगा।