हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने रविवार को सेनेटरी इंस्पेक्टर और जूनियर तकनीशियन की लिखित परीक्षा हमीरपुर जोन में आयोजित की। दोनों पोस्ट कोड के लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। अधिकतर अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित पाए गए। सेनेटरी इंस्पेक्टर (पोस्ट कोड 937) के पदों को भरने के लिए रविवार को हमीरपुर जोन के तीन केंद्रों में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए 785 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे।
इनमें से 152 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा में भाग लिया, जबकि 633 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित पाए गए। जबकि, शाम के सत्र में जूनियर तकनीशियन (पोस्ट कोड 938) के पदों को भरने के लिए हमीरपुर जोन के एक केंद्र में परीक्षा का आयोजन किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में 198 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 53 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 145 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित पाए गए। आयोग सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर का कहना है कि सेनेटरी इंस्पेक्टर व जूनियर तकनीशियन परीक्षा हमीरपुर जोन के चार केंद्रों में सुबह व शाम के सत्र में शांतिपूर्वक ढंग से आयोजित की गई।