Himachal News: चुनाव के चलते लीट, पैट टला अब जून में होंगी प्रवेश परीक्षाएं; आवेदन तिथि भी बढ़ी
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने प्रथम वर्ष पैट और द्वितीय वर्ष लीट प्रवेश परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है। चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक और शिक्षण संस्थानों की व्यस्तता को देखते हुए ये फैसला लिया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों के चलते तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने प्रथम वर्ष पैट और द्वितीय वर्ष लीट प्रवेश परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है। पहले ये परीक्षाएं 17 और 24 मई को होनी थीं। अब इन्हें जून में करवाने की तैयारी है। तकनीकी शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा तिथियों में बदलाव को लेकर तकनीकी शिक्षा निदेशालय को प्रस्ताव भेज दिया है।
चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक और शिक्षण संस्थानों की व्यस्तता को देखते हुए ये फैसला लिया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बोर्ड ने केवल परीक्षा तिथियां ही आगे नहीं बढ़ाई हैं, बल्कि लीट और पैट के लिए आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे। पीएटी के लिए 4185 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि सत्र 2025-26 में 4000 सीटें उपलब्ध थीं। वहीं लीट परीक्षा के लिए अब तक 1748 आवेदन पहुंचे हैं। पिछले सत्र में लीट की 1983 सीटें थीं। पीएटी की सीटें एआईसीटीई की मंजूरी पर निर्भर करेंगी। शिक्षा निदेशालय से निर्देश मिलने के बाद नई परीक्षा तिथियों की औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी। बोर्ड प्रशासन अब जून के शुरुआती दिनों में परीक्षाएं आयोजित करने पर विचार कर रहा है।
परीक्षा तिथि आगे बढ़ने से विद्यार्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि चुनावी गतिविधियों के चलते कई क्षेत्रों में शैक्षणिक माहौल प्रभावित होने की संभावना थी।
चुनावी ड्यूटी पर रहेंगे शिक्षक
प्रदेश में मई में नगर निकाय और पंचायतीराज चुनाव होंगे। ऐसे में कई स्कूल और सरकारी संस्थान चुनाव ड्यूटी में व्यस्त रहेंगे। इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षकों और कर्मचारियों की तैनाती भी चुनाव प्रक्रिया में की जाएगी। इसी कारण बोर्ड ने परीक्षाओं को टालने का निर्णय लिया है।
अंग्रेजी शिक्षकों के सीबीटी में 489 अभ्यर्थी उत्तीर्ण
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने अंग्रेजी के शिक्षकों के 312 पदों (पोस्ट कोड-26002) के लिए कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें 489 अभ्यर्थी पास हुए हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि सफल 489 अभ्यर्थियों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 8 जून से होगी।
इसका विस्तृत शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा। अभ्यर्थियों को ईमेल पर भी सूचना भेजी जाएगी। अभ्यर्थियों को अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड कॉपी और पहचान पत्र साथ लाना होगा।
अंग्रेजी शिक्षक भर्ती के लिए 3,119 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2,414 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से 489 अभ्यर्थी कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट में सफल घोषित किए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की बीटेक ऑड और इवेन सेमेस्टर नियमित तथा री-अपीयर परीक्षाएं जून में होने की संभावना है। इसके लिए विद्यार्थियों के ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऑनलाइन 20 मई तक फार्म भरे जा सकते हैं। परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगे। संबंधित संस्थानों के निदेशकों और प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि केवल पात्र नियमित विद्यार्थियों को ही परीक्षा फार्म भरने की अनुमति दी जाए। विद्यार्थियों को ऑनलाइन भरे फार्म की हार्डकॉपी डाउनलोड कर हस्ताक्षर सहित संस्थान में जमा करवानी होगी।