साइबर ठगी: मोबाइल फोन हैंग कर शातिरों ने बैंक खाते से उड़ाए 61600, अज्ञात नंबर से कॉल आते ही स्क्रीन हुई बंद
साइबर शातिरों ने बातचीत के दौरान ऐसा तकनीकी पैंतरा अपनाया कि पीड़ित का मोबाइल फोन हैंग हो गया। जब तक मोबाइल ने सामान्य स्थिति में आकर काम करना शुरू किया, तब तक बैंक खाते से तीन बार में जमा पूंजी उड़ चुकी थी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गगल थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात नंबर से आई एक फोन कॉल ने व्यक्ति को 61,600 रुपये की चपत लगा दी। साइबर शातिरों ने बातचीत के दौरान ऐसा तकनीकी पैंतरा अपनाया कि पीड़ित का मोबाइल फोन हैंग हो गया। जब तक मोबाइल ने सामान्य स्थिति में आकर काम करना शुरू किया, तब तक बैंक खाते से तीन बार में जमा पूंजी उड़ चुकी थी।
पीड़ित फोन पर कोई भी गतिविधि नहीं देख पा रहा था
पीड़ित ने इस संबंध में साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस के अनुसार पीड़ित को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल रिसीव कर बातचीत शुरू होते ही उसका मोबाइल अचानक हैंग हो गया और स्क्रीन बंद हो गई। पीड़ित फोन पर कोई भी गतिविधि नहीं देख पा रहा था और न ही कोई बटन काम कर रहा था। इसी बीच शातिरों ने उसके बैंक खाते से रकम निकालनी शुरू कर दी।
फोन सामान्य हुआ तो उड़े होश
शातिरों ने पहली बार में बैंक खाते से 30 हजार रुपये निकाले। इसके तुरंत बाद दूसरी बार फिर 30 हजार रुपये उड़ा लिए। वहीं तीसरी बार में खाते में बची 1,600 रुपये की शेष राशि भी साफ कर दी गई। मोबाइल हैंग रहने के कारण पीड़ित को खाते से हो रहे अवैध लेनदेन की तत्काल जानकारी या अलर्ट नहीं मिल सका। कुछ देर बाद जब फोन सामान्य हुआ, तो खाते से लगातार पैसे कटने के मैसेज देखकर पीड़ित के होश उड़ गए। बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि कुल 61,600 रुपये निकाले जा चुके हैं।
बैंक संबंधी गोपनीय डिटेल बिल्कुल साझा न करें: एसपी
पीड़ित ने बिना देर किए साइबर सेल को मामले से अवगत करवाया। पुलिस अब अज्ञात मोबाइल नंबर और बैंक लेनदेन के विवरण के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाने में जुट गई है।
किसी भी अज्ञात नंबर से आने वाली संदिग्ध फोन कॉल पर अपनी बैंक संबंधी गोपनीय डिटेल बिल्कुल साझा न करें और पूरी तरह सतर्क रहें। -कुलभूषण वर्मा, एसपी, कांगड़ा