चंबा। जिला चंबा में रविवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। कई स्थानों पर जहां बहनें भाई के घर पहुंचीं तो कई भाई राखी बंधवाने के लिए खुद बहनों के घर पहुंच गए। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधी तथा उनकी लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान भाइयों ने बहनों को आकर्षक उपहार दिए। भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए बहनों ने सुबह से ही तैयारी शुरू कर दी थी।
पूजा-अर्चना करने के बाद बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधी। इस मौके बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। जिला मुख्यालय के साथ ग्राम पंचायत मंगला, साच, उदयपुर, भनौता, चनेड़, सरोल, राजपुरा, कियाणी, रजेरा आदि पंचायत क्षेत्र में राखी के पर्व की धूम रही। राखी विक्रेताओं व मिठाई विक्रेताओं का भी खूब कारोबार हुआ। महिलाओं ने हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा का भी लाभ उठाया। हालांकि कोरोना संक्रमण के दौरान कम ही बसों को चलाया गया। महिलाओं ने सुबह ही अपने मायके पहुंचकर भाई की कलाई पर रक्षा की डोर बांधी। गौरतलब है कि इस बार नगर परिषद चंबा की ओर से ईको फ्रैंडली राखी भी बाजार में उतारी गई थी, जिसका रिस्पांस काफी सराहनीय रहा। स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने बिना प्लास्टिक का प्रयोग किए राखियां तैयार की।