होली (चंबा)। होली में जनजातीय विकास समिति के सहयोग से होली-उतराला सड़क के निर्माण को लेकर रैली निकाली गई। इसमें होली उप तहसील की विभिन्न पंचायतों से युवाओं ने भाग लिया और सरकार से मांग की कि सड़क का निर्माण कार्य तेज गति से किया जाए।
चन्हौता पंचायत प्रधान रोहित, होली के देवी लाल, कुलेठ के श्याम शर्मा, भिंद्र शर्मा, प्रकाश चंद और विपिन का कहना है कि इस सड़क के निर्माण से होली से कांगड़ा की दूरी 62 किलोमीटर रह जाएगी। जबकि, वर्तमान में चंबा से होली पहुंचने के लिए 75 किलोमीटर जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान यह मुद्दा उछलता है लेकिन चुनाव संपन्न होने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। युवाओं ने इस निर्माण कार्य को लेकर हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया।