चंबा। जिले के विभिन्न प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात चिकित्सकों की पेनडाउन स्ट्राइक ने मरीजों की मुसीबतों को बढ़ाना शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य केंद्रों में दूरदराज क्षेत्रों से सुबह 9:00 बजे ही अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने के लिए पहुंचने वाले लोगों को पर्चियां बनवाकर चिकित्सक का इंतजार करना पड़ा। चिकित्सकों के हड़ताल पर होने के चलते 11:00 बजे तक चिकित्सक अपनी ओपीडी में नहीं बैठे। ऐसे में घंटों इंतजार करने के बाद आखिरकार बुजुर्ग और महिलाएं को बेंच और जमीन पर बैठकर इंतजार करते दिखे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिहुंता, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी, सिविल अस्पताल भरमौर, तीसा, किलाड़ और चुवाड़ी में भी बारिश के बीच मरीज जैसे-तैसे कर स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचे लेकिन, चिकित्सकों के हड़ताल पर होने की खबर सुनने के बाद मरीज न चाहते हुए भी बेंचों पर बैठ कर चिकित्सकों के आने की राह ताकते रहे।
मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह ने बताया कि चिकित्सक अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को सुबह 9:00 से लेकर दोपहर 11:00 बजे तक हड़ताल पर रहे। बताया कि चिकित्सक पंजाब की तर्ज पर ही एनपीए दिए जाने, चिकित्सक कैडर से स्वास्थ्य निदेशक, प्राचार्य समेत अन्य उच्च पदों पर तैनाती करने की मांग कर रहे हैं। बावजूद इसके चिकित्सकों की मांगों को अभी तक पूरा नहीं किया गया है। इसके विरोधस्वरूप अब चिकित्सकों ने आखिरकार दो घंटों की पेन डाउन स्ट्राइक कर अपना विरोध जताया है।