Himachal News: सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में जमीन पर बैठ गए विधायक जनक, खोला मोर्चा, दी ये चेतावनी
मैहला पंचायत में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान अचानक मोड़ आ गया। भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने मंच पर बैठने के बजाय जमीन पर स्टेज के सामने बैठकर अपने क्षेत्र की अनसुनी समस्याओं को लोगों के सामने रखा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के मैहला पंचायत में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान अचानक मोड़ आ गया। भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने मंच पर बैठने के बजाय जमीन पर स्टेज के सामने बैठकर अपने क्षेत्र की अनसुनी समस्याओं को लोगों के सामने रखा। उन्होंने मरीजों को परामर्श भी देना शुरू किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाना है। प्रशासन और जिला कांग्रेस अध्यक्ष के प्रयासों के बावजूद विधायक वहीं बैठे रहे। दिन : शुक्रवार। समय : दोपहर 12:15 बजे। स्थान : मैहला पंचायत। विस अध्यक्ष कुलदीप पठानिया कार्यक्रम में पहुंचते हैं। लोग अपनी समस्याओं को लेकर पठानिया से गुहार लगा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष भी समस्याओं का जल्द समाधान करने के अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं।
समय दोपहर करीब एक बजे। भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज कार्यक्रम में पहुंचते हैं। मंच पर बैठने के बजाय जमीन पर स्टेज के सामने बैठ जाते हैं। विधायक ने अपने इलाके लोगों की समस्याओं को लेकर बात रखी। स्पष्ट किया कि वह इस कार्यक्रम में कोई बाधा उत्पन्न करने नहीं आए हैं, बल्कि जो मांगें विधानसभा में अनसुनी कर दी जाती हैं, उन्हें इस मंच से सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। समय 1:10 पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल उन्हें मंच पर लाने के लिए जाते हैं। विधायक नहीं उठे और वहीं बैठे रहे। 1:15 बजे जिला मार्केट कमेटी के अध्यक्ष ललित ठाकुर उन्हें जबरदस्ती मंच पर लाए। 1:30 बजे लोगों की समस्याएं उठाने आए डॉ. जनक राज मरीजों को चिकित्सीय परामर्श देने लगते हैं।
सरकार नजरअंदाज कर रही क्षेत्र की समस्याएं : डॉ. जनकराज
विधायक डॉ. जनक राज ने बताया कि विधानसभा में सरकार उनके क्षेत्र की समस्याओं और मांगों को नजरअंदाज कर रही है। ऐसे में जब उन्हें पता चला कि मैहला में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में पहुंच रही है तो वे अपने क्षेत्र की मांगों और समस्याओं को लेकर पहुंचे।