चनेड़ (चंबा)। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली दडोगा-मिल्ला सड़क के निर्माण की राह में शरारती तत्वों ने अड़ंगा डालने का प्रयास किया है। सड़क निर्माण शुरू करने से पूर्व किए गए भूमि पूजन संबंधी सदर विधायक के नाम की लगी पट्टिका को अज्ञात शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। मामले की भनक लगते ही लोक निर्माण विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की तैयारी शुरू कर दी है।
विधानसभा क्षेत्र चंबा के तहत दडोगा से मिल्ला सड़क का भूमि पूजन सदर विधायक नीरज नैयर ने 5 मार्च 2025 को किया था। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने मार्च में सड़क निर्माण का उद्घाटन किया था। सड़क बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग अब अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाएगा। वहीं, ग्रामीणों अजय कुमार, नरेश कुमार, दलीप कुमार, किशन चंद और योगराज ने पट्टिका तोड़े जाने की घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रशासन और विभाग से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कनव बड़ोत्रा ने बताया कि मामला ध्यान में आया है। इस संबंध में पुलिस में शरारती तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।