भरमौर और पांगी की चोटियों पर गिरे फाहे
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी की ऊंची पहाड़ियों में वीरवार को हिमपात हुआ। इससे निचले क्षेत्रों में शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों को ठंड से बचने के लिए आग का सहारा लेना पड़ रहा है। भरमौर बाजार में दुकानदार और अन्य लोग जगह-जगह आग सेंकते हुए नजर आए। ठंड बढ़ने से कई नालों में बहने वाला पानी भी जाम होना शुरू हो चुका है।
मणिमहेश का कैलाश पर्वत, कुगति, चौबिया, दरुण, कालीछोह, इंद्रहार, जालसू और पांगी के जोत पर ताजा हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बर्फबारी और बारिश होने की चेतावनी दी है। इसलिए लोगों को अंदेशा है कि आगामी दिनों में जनजातीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को बारिश और बर्फबारी में एहतियात बरतने के लिए कहा है।