चंबा। डीआरडीए भवन हरदासपुरा में विकास खंड भरमौर और तीसा के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों के लिए आयोजित छह दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को संपन्न हो गया। इस मौके पर उपायुक्त चंबा डीसी राणा बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
शिविर में उपस्थित जिला पंचायत अधिकारी महेश चंद ठाकुर ने बताया कि शिविर के दौरान नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों को हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज अधिनियम, आपदा प्रबंधन, कृषि, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास विभाग की कार्यप्रणाली और योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर 23 फरवरी से शुरू हुआ था। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कर्मचारियों ने स्रोत व्यक्ति के रूप में कार्य किया और पंचायत प्रधानों को जानकारी प्रदान की। इस दौरान उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने नवनिर्वाचित प्रधानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रतिनिधि पात्र लोगाें तक पहुंचाएं।