{"_id":"5ac0e7494f1c1bf5618b4e29","slug":"191522591561-chamba-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"दो साल में जुनांस नाले में नहीं बन पाई पुलिया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दो साल में जुनांस नाले में नहीं बन पाई पुलिया
Updated Sun, 01 Apr 2018 10:12 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत जुनांस में दो साल पहले टूटी पुलिया का आज तक निर्माण नहीं हो पाया है। इस वजह से दो गांवों के लोग जान जोखिम में डालकर अस्थायी पुलिया से आवाजाही कर रहे हैं। इसके चलते कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। इस अस्थायी पुल से लोगों के अलावा स्कूली बच्चे भी आवाजाही करते हैं। बच्चों को पुलिया से गुजारने के लिए अभिभावकों को स्वयं आना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की मानें तो वह इस बारे में पंचायत और प्रशासन से स्थायी पुली का निर्माण करने के बारे में कई बार आग्रह कर चुके हैं। मगर अभी तक इस संबंध में कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। जानकारी के अनुसार दो साल पहले पंचायत में बादल फटने सेे लोहे की बनी पुलिया बह गई थी। मगर दोबारा इस पुलिया का निर्माण नहीं हो पाया है। स्थायी पुलिया बह जाने से मनवास-प्रथम और मनवास द्वितीय के करीब सौ परिवार आवाजाही करते हैं। इसके अलावा इन दो गांवों से स्कूली नौनिहाल भी स्कूल पहुंचते हैं।
विज्ञापन
ग्रामीण चुन्नी लाल, रोशन लाल, दीप कुमार, सुरेंद्र सिंह, उत्तम दास, उमेश कुमार, बुम राम, हितेंद्र सिंह, अमृत सिंह, पाल सिंह, देवेंद्र कुमार, राकेश कुमार, ओंकार सिंह और रवि कुमार ने बताया कि पुली निर्माण के बारे में पंचायत को भी अवगत करवा चुके हैं। मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसके चलते वह जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि नाले पर बनी पुलिया का जल्द निर्माण करवाया जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। स्थानीय पंचायत प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि उक्त मामला उनके ध्यान में है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अभी तक बजट का प्रावधान नहीं हो पाया है। जैसे ही बजट का प्रावधान होगा, स्थायी पुली का निर्माण करवा दिया जाएगा। एसडीएम तीसा हेम चंद वर्मा ने बताया कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बारे में बजट की व्यवस्था करवाने के प्रयास किए जाएंगे।