{"_id":"5a7f13e04f1c1b1d368b98aa","slug":"101518277600-chamba-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"आठ परिवारों ने स्वेच्छा से बीपीएल सूची से हटवाया नाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आठ परिवारों ने स्वेच्छा से बीपीएल सूची से हटवाया नाम
Updated Sat, 10 Feb 2018 10:46 PM IST
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
चुवाड़ी (चंबा)। विकास खंड भटियात में बीपीएल सूची से अपात्र परिवार अब खुद ही नाम कटवाने लगे हैं। विकास खंड की बीपीएल सूची में शामिल आठ परिवारों ने अपना नाम वापिस ले लिया है। 69 पंचायतों वाले भटियात ब्लॉक में अब तक 120 लोगों ने इस संबंध में शिकायतें दर्ज करवाई हैं जबकि 110 लोगों ने अपना नाम बीपीएल सूची में शामिल करने के लिए आवेदन किया है। खबर की पुष्टि विकास खंड अधिकारी भटियात डॉ. बशीर खान ने की है। प्रदेश सरकार के 100 दिन के एजेंडा में शामिल बीपीएल की कांट-छांट के लिए आम जन से मांगी गई शिकायत और आवेदन की अंतिम तिथि 13 फरवरी 2018 शाम 5 बजे तक तय की है। विकास खंड भटियात की 69 पंचायतों में 8221 परिवार बीपीएल परिवार शामिल हैं। ऐसे में अब तीन दिन का समय ही आवेदन और शिकायत करने के लिए शेष बचा है। इसके बाद कोई भी व्यक्ति इस मामले को लेकर शिकायत और आवेदन नहीं कर पाएगा। विकास खंड अधिकारी भटियात डॉ. बशीर खान ने बताया कि भटियात ब्लॉक में आठ परिवारों ने स्वेच्छा से बीपीएल सूची से नाम कटवा लिया है। उन्होंने कहा कि अब तक 120 शिकायतें और 110 आवेदन उनके पास पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि लोग कागज पर लिखकर फोटो खींचकर उनके उनके व्हॉट्स एप नंबर 94182-01084 पर भेज सकते हैं।