बिलासपुर। शहर के डियारा सेक्टर में आयोजित दंगल में रुस्तम-ए-कहलूर का खिताब हरियाणा के पहलवान जयदीप ने अपने नाम किया। विजेता पहलवान को आयोजकों की ओर से गुर्ज और 25 हजार नकद का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर श्री नयना देवी जी विस के विधायक रामलाल ठाकुर और सदर विधायक सुभाष ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। दंगल का आयोजन पीर लखदाता अखाड़ा कमेटी ने किया था।
आयोजन कमेटी महासचिव राकेश ठाकुर ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबलों में पहला मुकाबला रोहतक हरियाणा के जयदीप और पंजाब के नसीब के बीच हुआ, जिसमें जयदीप विजेता रहे। वहीं दूसरा मुकाबला हिसार के पहलवान विकास व पंजाब के पहलवान अमना के बीच हुआ, जिसमें विकास विजेता रहे। फाइनल मुकाबले में जयदीप ने हिसार के पहलवान विकास को करीब बीस मिनट की कुश्ती के बाद पटकनी देकर खिताब जीता। उन्होंने कहा कि समिति दंगल तक ही सीमित नहीं है। समिति की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद भी की जा रही है। इस अवसर पर कमेटी प्रधान हुसैन अली समेत मनमोहन भंडारी, सुख राम आजाद, पवन कुंदी, कृष्ण चौहान, राज कुमार, रिंकू, विनय कुमार, प्रकाश कुमार, सुनील पंवर, रामलाल शर्मा व अन्य मौजूद रहे।