भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी पुलिस थाना के तहत शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दधोल चौक के समीप दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों कार चालकों सहित पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ऑल्टो कार घुमारवीं से हमीरपुर की तरफ जा रही थी। तभी दधोल चौक के समीप राजमार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही अन्य कार ने जोरदार टक्कर मार दी।। हादसे में दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कारों में सवार पांच लोगों को चोटें आई हैं। हादसे के दौरान राजमार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक कर घायलों को बाहर निकाला। एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को घुमारवीं अस्पताल ले जाया गया। घायलों की पहचान रमेश चंद और राकेश कुमार निवासी गांव फटोह, मनोज कुमार निवासी गांव खुरड़ी, कृष्ण चंद निवासी गांव कसोहल और प्रेमी देवी निवासी गांव कसोहल, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। डीएसपी अनिल ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।