बिलासपुर। दादर नगर हवेली में हुई 52वीं राष्ट्रीय वरिष्ठ महिला हैंडलाल प्रतियोगिता में हिमाचल ने सातवां स्थान हासिल कर फेडरेशन कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। टीम के मैनेजर विवेक पठानिया ने बताया कि हिमाचल प्रतियोगिता की विजेता रही दिल्ली से क्वार्टर फाइनल में कड़े संघर्ष में पराजित हुई। उसके बाद प्ले ऑफ मुकाबले में गुजरात को 14-13 से हराया।
इस मैच में जागृति ने चार, अवंतिका ने तीन, रेखा ने तीन, नेहा ने तीन और दीक्षा ने एक गोल किया। गोलकीपर मानसी राजपूत, स्वीटी और काजल ने विपक्षी टीम के कई प्रयासों को नाकाम कर प्रदेश की टीम को अंत तक मैच में बनाए रखा। जागृति ठाकुर को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर के पुरस्कार से नवाजा गया। टीम के प्रशिक्षक हिमांशु गौतम ने बताया कि प्रदेश की टीम में शामिल ऊना, मंडी, बिलासपुर, सोलन, कुल्लू और शिमला की खिलाड़ियों ने पूरी प्रतियोगिता के दौरान अपने से ज्यादा अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सुसज्जित टीमों के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन किया।