कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता और स्वस्थ खान-पान के प्रति किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में स्वास्थ्य विभाग तथा स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशा निरोधक प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में डी-वॉर्मिंग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक करना रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर डी-वॉर्मिंग गतिविधि आयोजित कर विद्यार्थियों को आवश्यक स्वास्थ्य जानकारी और मार्गदर्शन दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को डी-वॉर्मिंग के लिए आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। कार्यक्रम में 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 1,044 विद्यार्थी लाभान्वित हुए। इनमें 422 छात्र और 622 छात्राएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों, व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ-सफाई के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रीतम लाल ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में सहयोग की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर डॉ. जीवेश नड्डा, डॉ. बसु देव, डॉ. अंजना, प्रो. राकेश, डॉ. आदर्श और प्रो. अमरपाल सहित अन्य मौजूद रहे।