रामपुर। खमरिया गांव की बैगुल नदी पर कारसेवा के जरिए बनाए जा रहे कच्चे बांध के काम में और तेजी आई है। किसानों ने उत्तराखंड से आने वाले पानी की धार को मिट्टी से रोक कर समीप में बहने वाली कैलुईया व धौंरी नदी में धार को मोड़ दिया है। अब किसान कच्चे बांध को मजबूती देनी शुरु करेंगे।
खजुरिया थाने के समीप ग्राम खमरिया की बैगुल नदी पर नहर विभाग द्वारा डैम बनाया जाना प्रस्तावित है। नहर विभाग द्वारा डैम बनाने का कार्य कच्चा आंध बनने के बाद किया जाएगा। नदी पर कच्चा बांध बनाने के कार्य में पूर्व विधायक जयदीप सिंह बराड़ जिला रामपुर व बरेली जिले के तमाम किसानों के साथ कई दिनों से जुटे हुए हैं। शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे पूर्व विधायक के साथ दोनों जिलों के तमाम गांव के लोग नदी पर पहुंच गए और लोगों ने कारसेवा करके बांध बनाने का कार्य तेजी के साथ शुरु कर दिया। लोग शाम तक जेसीबी, ट्रैक्टर ट्रालियों व अपने सिरों से मिट्टी को ढोते नजर आए। शाम को किसानों ने उत्तराखंड की ओर से आने वाली नदी की पानी की धार को रोक दिया और पानी की धार को नदी से निकलने वाली कैलुईया च धौंरी नदी में मोड़ दिया। ऐसे में बैैगल नदी का पानी अब इन दोनों नदियों के जरिए ही बरेली जिले की तरफ को जाएगा। पूर्व विधायक ने कहा कि वह शीघ्र ही कच्चा बांध बनाने का कार्य भी पूरा हो जाएगा। इसके बाद नहर विभाग डैम बनाने का कार्य शुरु कर देगा। इस मौके पर सोमपाल सिंह, नेमचंद्र मौर्य, नीरज कुमार पप्पू शर्मा, त्रिलोचन भट्ट, ज्ञानी जैल सिंह, बलवीर सिंह गंगवार, राकेश गंगवार, रमाचंद्र गंगवार, कृष्णपाल सिंह, वेदप्रकाश कश्यप, सोमपाल सिंह, रघुवीर सिंह, बाबूराम मौर्य, हरप्रसाद आदि मौजूद रहे।