बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की सुन्हाणी पंचायत के मन्नण गांव की मुख्य सरगल सड़क पर लगे बिजली बोर्ड के ट्रांसफार्मर के ढक्कन और किटकैट कई महीनों से खुले पड़े हैं। सड़क से रोजाना सैकड़ों ग्रामीणों का आना-जाना रहता है। तार जमीन पर पड़े हुए हैं और बारिश में करंट फैलने का डर बना रहता है। बोर्ड की लापरवाही कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बनी सकती है।
गांव के सुखदेव परमार, देशराज परमार, नंदलाल परमार, हेम सिंह परमार, अरुण परमार व राजेश परमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे पर लगे ट्रांसफार्मर के फ्यूज के ढक्कन कई महीनों से खुले पड़े हैं। वोल्टेज कम-ज्यादा होने पर यहां स्पार्किंग होने से चिंगारियां निकलती है। इसकी सूचना बिजली बोर्ड के अधिकारियों को कई बार दी गई है।
उन्होंने कहा कि बारिश होने पर करंट फैलने की आशंका बनी रहती है। लावारिश पशु सड़क किनारे अक्सर वहां पर चलते रहते हैं। जमीन के ऊपर पड़ी हुई तारों से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने बिजली विभाग से इन ट्रांसफार्मरों के ढक्कन को बंद करने व किटकैट लगाने की मांग की है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता बरठीं रणजीत सूर्या ने कहा कि मामला उनके ध्यान में नहीं था लेकिन अब किटकैट लगाकर इसे दुरुस्त कर दिया जाएगा।