बिलासपुर। एचपी नेवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर की ओर से गोविंदसागर झील में सरोवर से सागर विषय पर दस दिवसीय नौकायान अभियान जल तरंग-2021 का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को इसका शुभारंभ ब्रिगेडियर मनोज खंडूरी विशिष्ट सेवा मेडल ग्रुप कमांडर ग्रुप हेड क्वार्टर शिमला ने हरी झंडी दिखाकर किया।
कमान अधिकारी कैप्टन राकेश ढल ने बताया कि इस नौका अभियान में 60 कैडेट भाग ले रहे हैं जिसमें 25 लड़कियां और 35 लड़के शामिल हैं। कमान अधिकारी ने बताया कि यह कैडेट्स विभिन्न सामाजिक क्रिया कलापों जैसे स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और ड्रग के बारे में जागरूकता और इसके दुरुपयोग व रोकथाम आदि का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर रुकते हुए प्रचार करते हुए जाएंगे।
इस नौका अभियान का उद्देश्य नौकायान की विभिन्न रुकावटों में अपनाई जाने वाली नेवल शब्दावली, गहरे पानी के सुरक्षा उपायों आदि से अवगत करवाने के साथ-साथ विकट परिस्थितियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करना एवं आपसी सहयोग पैदा करना भी है। इस मौके पर राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर की प्राचार्या प्रोफेसर नीना वासुदेवा और डीएवी स्कूल बिलासपुर के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह ठाकुर विशेष रुप से उपस्थित रहे।