रादौर। अनाज मंडी रादौर में सोमवार को गेहूं की सरकारी खरीद वेयर हाउस की ओर से शुरू की गई। इस अवसर पर अनाज मंडी एसोसिएशन की ओर से लड्डू बांटकर खुशी मनाई गई।
मंडी प्रधान संजय गुप्ता व मंडी के आढ़तियों ने मार्केट कमेटी सचिव अमित कुमार की मौजूदगी में खरीद का कार्य शुरू किया। वेयर हाउस मैनेजर संदीप कुमार की देखरेख में शुरू हुई गेहूं की खरीद का कार्य सरकारी मानदंडों के अनुसार किया गया। मंडी में रादौर निवासी रोहित कुमार व मोहनलाल की गेहूं की सबसे पहले खरीद की गई। वेयर हाउस के मैनेजर संदीप कुमार ने बताया कि पहले दिन लगभग 1300 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। 12 प्रतिशत तक नमी होने पर ही गेहूं की खरीद की गई। इससे ज्यादा नमी होने पर किसान को अपनी गेहूं की फसल को धूप में फैलाकर सुखाने बारे कहा गया। विभाग की ओर से गेहूं के उठाव के 24 से 72 घंटे तक किसान को उसकी फसल का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि मंडी में अपनी गेहूं की फसल को सुखाकर व साफ कर लाएं। विभाग की ओर से रादौर अनाज मंडी में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को गेहूं की खरीद की जाएगी। जबकि मंगलवार, वीरवार, शनिवार व रविवार को हैफड की ओर से गेहूं की खरीद की जाएगी। जठलाना व गुमथला सब यार्ड में हैफड की ओर से सातों दिन गेहूं की खरीद की जाएगी। मौके पर प्रवीन गुप्ता, अभिषेक आहूजा, सुभाष कंबोज, सुशील बत्रा, मास्टर निरंजन, रमेश पलाका, संदीप टोपरा मौजूद रहे।