यमुनानगर। लाल डोरा की जमीन की रजिस्ट्री करने के लिए कारिंदे तय से दोगुनी धनराशि वसूल रहे थे। जानकारी के अभाव में जिले के सैकड़ों किसान दोगुनी राशि देकर रजिस्ट्री करवा चुके हैं। ग्रामीणों ने जब इसका विरोध शुरू कर दिया, तो गांव से कारिंदें कामकाज छोड़कर फरार हो गए हैं। वहीं एसडीएम ने इन लोगों व कर्मचारियों पर केस दर्ज करवाने के निर्देश दिए हैं।
यह मामला वीरवार को गांव सुढ़ल में सामने आया। जहां पर लाल डोरा भूमि की रजिस्ट्री के लिए दो सौ की जगह चार सौ रुपये लिए जा रहे थे। इस दौरान गांव सुढल के कई ग्रामीणों ने चार सौ रुपये देकर रजिस्ट्री करवा ली। इसका जब भाकियू सदस्यों को पता चला तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर इसकी जांच की। गांव निवासी व भाकियू प्रदेश सचिव निवासी हरपाल सुढल ने बताया कि वीरवार को गांव में रजिस्ट्री बनाने का काम किया जा रहा था। यहां कुछ कारिंदें ग्रामीणों से चार सौ रुपये ले रहे थे। उन्होंने जब कारिंदों से पूछा तो उन्होंने बताया कि चार रुपये प्रति रजिस्ट्री लिए जा रहे हैं। जब कारिंदों को तय शुल्क दो सौ रुपये होने की बात कही, तो उन्होंने कहा कि अधिकारियों का यही आदेश हैं। इस दौरान उन्होंने इसकी वीडियो बनानी शुरू कर दी, मोबाइल देखकर सभी कारिंदें वहां से मुंह छिपाकर भाग निकले। वीडियो बनने के बाद इसे वायरल भी कर दिया गया। जिसमें लाल डोरा जमीन की रजिस्ट्री के लिए चार सौ रुपये लेने की बात कही जा रही है। वीडियो में पास में पड़े स्टांप पेपर में दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद जब किसान एसडीएम का नाम लेकर दो सौ रुपये फीस की बात कहते हैं तो अधिकारी लैपटॉप लेकर निकलने की करते हैं।