यमुनानगर। अपराध शाखा की टीम ने हत्या के प्रयास में गिरफ्तार हरीनगर निवासी कुनाल हरजाई को जेल से प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इस दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी यूपी से हरियाणा के विभिन्न जिलों में असलहों की सप्लाई करता था। यमुनानगर में भी कई लोगों को आरोपी ने हथियार बेचे हैं। निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखी एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार उनको सूचना मिली थी कि जेल में बंद कुनाल हरजाई ने कई लोगों को अवैध हथियार सप्लाई किए हैं। इस सूचना पर उप निरीक्षक प्रमोद वालिया, गुरमेज सिंह, रोशनलाल, रामकुमार, रणधीर सिंह, विमल और कृष्ण की टीम का गठन कर आरोपी कुणाल हरजाई को तीन दिन के प्रोडक्शन रिमांड पर लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यूपी के समसपुर से अवैध हथियार लेकर आता था। इसके बाद हरियाणा में आगे बेचता था। आरोपी पांच से छह लोगों को अवैध हथियार बेच चुका था। पुलिस ने उन्हें रिकवर कर लिया है। वहीं आरोपी के पास से एक अवैध हथियार पुलिस पहले बरामद कर चुकी है और एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस अब बरामद किए गए हैं। यूपी में जिसके पास से वह अवैध हथियार लेकर आता था, पुलिस उसे भी प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इस मामले में अभी जांच चल रही है और भी खुलासे होने की उम्मीद है।