यमुनानगर। शहर थाना क्षेत्र के आजाद नगर की गली नंबर दो में किराये पर कमरा देखने के बहाने दो बदमाश घर में घुस गए। इस दौरान बदमाशों ने घर पर अकेली बुजुर्ग महिला के कानों से सोने के टॉप्स लूट लिए और उसे कमरे में बंद कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात दो युवकों पर लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आजादनगर निवासी धनराजी देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भतीजे रामलगन के साथ घर पर रहती है। नौ मार्च की शाम को उनके घर पर दो युवक किराये पर कमरा लेने के लिए आए। यहां पर भतीजा राम लगन भी था। आरोपी युवक उससे तंबाकू मांगने लगे। तंबाकू न होने पर बदमाशों ने उसके भतीजे को दुकान से खरीदने भेज दिया। इतने में वह दोनों युवकों को कमरा दिखाने लगी। उसके भतीजे के जाते ही एक युवक ने उसे पकड़ लिया और दूसरे युवक ने उसके कानों में पहने सोने के टॉप्स झपट लिए। जिससे वह घायल हो गई और चिल्लाने लगी। इस दौरान बदमाशों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और फरार हो गए। थोड़ी देर बाद उसका भतीजा आया, तो उसने कमरे का दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला। उसके भतीजे ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे उपचार दिया गया। वारदात के बाद वह सदमे में आ गई थी। ठीक होने के बाद महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि दो बदमाशों पर केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।