यमुनानगर। साढौरा थाना के इंस्पेक्टर, एसआई, एएसआई, तीन हेड कांस्टेबल व एक पूर्व इंस्पेक्टर के खिलाफ शराब ठेकेदार से जबरन वसूली का मामला सामने आया है। इस संबंध में ठेकेदार की ओर से मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, मुख्य सचिव और एडीजीपी को शिकायत दी गई है, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय के डीएसपी को इसकी जांच सौंपी गई है।
शिकायत में बराड़ा के गांव कम्बास निवासी ठेकेदार नरेंद्र कुमार ने बताया कि साढौरा क्षेत्र में उसका शराब ठेका है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों की ओर से उसे मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। पुलिसकर्मी उससे महंगी शराब और पैसे की वसूली करते रहे हैं। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी पुलिसकर्मियों ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। आरोप है थाने का एक हेड कांस्टेबल उससे पूर्व इंस्पेक्टर के नाम पर हर माह 20 हजार रुपये और एक पेटी अंग्रेजी शराब लेता था। इसके अलावा पांच हजार रुपये स्वयं अपने लिए भी लेता था। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी ने नया इंस्पेक्टर आने की बात कहकर ज्यादा पैसे की डिमांड की। साथ ही धमकाया कि यदि मंथली नहीं बढ़ाई तो उसे क्षेत्र में काम करने नहीं दिया जाएगा। शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच यमुनानगर हेड क्वार्टर डीएसपी कंवलजीत सिंह को सौंपी गई है। डीएसपी कंवलजीत सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।