साढौरा। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर सटीक प्रहार कर पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लिया है। यह बात नगर पालिका चेयरपर्सन शालिनी शर्मा ने भारतीय सेना के सम्मान में आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते हुए कही। साढौरा में तिरंगा यात्रा धर्म जागरण केंद्र से शुरू होकर बाजार से होती हुई रेस्ट हाउस में संपन्न हुई।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष डोली कालरा ने कहा कि भारत ने दुनिया को दिखा दिया कि हम किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं। कोई भी दुश्मन हमारी तरफ आंख उठाकर देखेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। तिरंगा यात्रा में शामिल महिलाओं में राष्ट्रीय भावना का असीम उत्साह व देश के सैनिकों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव दिखा। तिरंगा यात्रा में रास्ते भर भारत माता की जय और भारतीय सैनिकों के सम्मान में नारे लगाए गए। मौके पर पार्षद संगीता ठुकराल, उमा अग्रवाल, नवीन भसीन, मंगतराम सैनी व नरेश बख्शी मौजूद रहे।