फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Yamuna Nagar News ›   छेड़छाड़ के आरोपी डिप्टी मेयर ने दिया पद से इस्तीफा, पद खाली होते ही कई पार्षदों की जमी नजरें

छेड़छाड़ के आरोपी डिप्टी मेयर ने दिया पद से इस्तीफा, पद खाली होते ही कई पार्षदों की जमी नजरें

Fri, 28 Jul 2017 12:23 AM IST
Updated Fri, 28 Jul 2017 12:23 AM IST
विज्ञापन
छेड़छाड़ के आरोपी डिप्टी मेयर ने दिया पद से इस्तीफा, पद खाली होते ही कई पार्षदों की जमी नजरें
छेड़छाड़ के आरोपी डिप्टी मेयर ने दिया इस्तीफा, पार्षदों की टिकी नजर
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। नगर निगम की महिला पार्षद से छेड़छाड़ और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोपी डिप्टी मेयर रामपाल ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद डिप्टी मेयर का पद खाली होने से उनके कार्यालय पर नगर निगम की ओर से ताला लगा दिया गया। डिप्टी मेयर के इस्तीफा देने की घटना नगर निगम में दिनभर चर्चा का विषय बनी रही। इसी के साथ डिप्टी मेयर पद पर कई पार्षदों की नजरें टिक गई हैं। कुछ पार्षदों ने इसे जल्दीबाजी में उठाया कदम बताया तो कुछ ने सही ठहराया।
महिला पार्षद की ओर से छेड़छाड़ और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराने के बाद से डिप्टी मेयर का फोन बंद था। वे पब्लिक के संपर्क में भी नहीं थे। बुधवार को रामपाल को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। इसके बाद वह मीडिया के सामने आए थे, तब उन्हाेंने कहा था कि यदि उनपर छेड़छाड़ के आरोप सिद्ध हुए तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। इधर, फिर घटनाक्रम बदला और गुरुवार को रामपाल ने डिप्टी मेयर के पद से इस्तीफा मेयर सरोज बाला को सौंप दिया। रामपाल के पद से इस्तीफा देने के बाद अब नगर निगम के डिप्टी मेयर का पद खाली हो गया है। नगर निगम की ओर से गुरुवार को ही उनके कार्यालय पर ताला लगा दिया गया। वहीं रामपाल के इस्तीफा देने से नगर निगम का माहौल गर्म हो गया है। नगर निगम के पार्षदों ने भी रामपाल के पद से इस्तीफा देने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। जहां कुछ पार्षदों ने इसे जल्दबाजी में लिया गया निर्णय बताया। वहीं अधिकतर पार्षद रामपाल के निर्णय को सही बताया।
विज्ञापन

एक लाइन में लिखा इस्तीफा
डिप्टी मेयर रामपाल ने गुरुवार दोपहर मेयर सरोज बाला को लिखित में इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा केवल एक लाइन में लिखा हुआ है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि मैं राम पाल डिप्टी मेयर, नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी (जिला यमुनानगर) अपनी व्यक्तिगत समस्या के मद्देनजर स्वेच्छा से डिप्टी मेयर के पद से त्याग पत्र देता हूं। मेयर ने भी तुरंत इस्तीफा स्वीकार कर लिया और इस पर अपने साइन कर कार्यालय भेज दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

पीड़ित पार्षद बोली, कोर्ट में दूंगी चुनौती
डिप्टी मेयर पर छेड़छाड़ का केस दर्ज कराने वाली वार्ड नंबर 12 की महिला पार्षद प्रिया का कहना है कि कोर्ट ने सिर्फ एकतरफा बात सुन कर रामपाल को अग्रिम जमानत दे दी है। लेकिन वे चुप नहीं बैठेंगी। इसके लिए वह अग्रिम जमानत को हाई कोर्ट में चुनौती देंगी।
इस्तीफा देने के व्यक्तिगत कारण : मेयर
नगर निगम की मेयर सरोज बाला का कहना है कि डिप्टी मेयर रामपाल ने उन्हें लिखित में अपना इस्तीफा दिया है। उन्हाेंने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इस्तीफा देने के पीछे उन्होंने व्यक्तिगत कारण बताए हैं। डिप्टी मेयर कौन और किस दल से होगा इसका चुनाव हाउस में होगा। दावा करने वाले को बहुमत साबित करना होगा।
ये है मामला
14 जुलाई को नगर निगम के डिप्टी मेयर रामपाल के खिलाफ महिला थाना पुलिस ने महिला पार्षद से छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज किया था। इसमें पार्षद ने डिप्टी मेयर रामपाल पर उनके मोबाइल पर अश्लील फोटो, जोक्स व वीडियो भेजने के आरोप लगाए थे। शिकायत में नगर निगम के वार्ड नंबर-12 की महिला पार्षद ने बताया कि उनका नगर निगम यमुनानगर कार्यालय में आना जाना लगा रहता है। जब भी निगम के डिप्टी मेयर रामपाल उन से मिलते हैं तो वह उस पर भद्दे कमेंट करते हैं। कुछ दिन तो वह उनकी हरकतों को बर्दाश्त करती रही, मगर कुछ दिन पहले डिप्टी मेयर रामपाल उनके मोबाइल पर अश्लील फोटो, जोक्स व वीडियो भेजा। इस पर उन्होंने डिप्टी मेयर रामपाल से बात की तो वह उल्टा उन्हें ही बदनाम करने लगे। परेशान होकर उन्हाेंने इसकी सूचना एसपी व महिला पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी डिप्टी मेयर रामपाल के खिलाफ 354 ए के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि रामपाल का कहना था कि उनके फोन का मिसयूज किया गया है।

रामपाल को फिलहाल अपने पद से इस्तीफा नहीं देना चाहिए था। इस्तीफा देकर उन्होंने खुद को दोषी बता दिया है। अभी तो न्याय पालिका का निर्णय आना बाकी है। न्यायपालिका का निर्णय आने के बाद ही उन्हें इस संबंध में कदम उठाना चाहिए था। डिप्टी मेयर पद के लिए नगर निगम को जल्द ही निष्पक्ष चुनाव कराना चाहिए।
नीरज राणा, वार्ड नंबर
रामपाल ने इस्तीफा देकर सही किया है। अब उन्हें जांच में पुलिस का सहयोग करना चाहिए। जांच में जो भी निर्णय सामने आए, उसे स्वीकार करना चाहिए। डिप्टी मेयर के दोबारा चुनाव होते है तो इस बार जगाधरी से किसी पार्षद को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। मेयर व सीनियर डिप्टी मेयर के चुनाव में भी जगाधरी क्षेत्र की उपेक्षा हुई है।
- मौजी सेठी, पार्षद, वार्ड चार।
छेड़छाड़ का आरोप लगने पर ही उन्हें इस्तीफा देना चाहिए था, पुलिस जांच में सच सामने आएगा। जो भी आरोप लगे हैं इसकी जांच पुलिस करेगी। डिप्टी मेयर के पद के लिए अब जल्द से जल्द चुनाव होना चाहिए। ताकि शहर के विकास में कोई रुकावट न आए।
निर्मल चौहान, वार्ड नंबर -14
छेड़छाड़ का आरोप लगते ही उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए था। हालांकि देर से निर्णय लिया, सही निर्णय लिया। चुनाव को लेकर जल्द ही नगर निगम की मीटिंग होंगी। जिसमें वे जल्द ही डिप्टी मेयर के चुनाव करवाने की मांग रखेंगे।

देवेंद्र सिंह, वार्ड नंबर पांच।
डिप्टी मेयर ने अपने पद से इस्तीफा देकर सही कदम उठाया है। पुलिस जांच में ही पता लगेगा कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप सच हैं या झूठ। भविष्य में जो भी डिप्टी मेयर बने शहर के विकास का प्राथमिकता दे।
सुशल जावला, वार्ड नंबर 17
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed