जगाधरी वर्कशाप। नगर निगम के वार्ड 18 के गांव भूत माजरा व मंडेबर के लोग सोमवार को श्मशान घाट की समस्या लेकर मेयर कार्यालय में पहुंचे। जिसके बाद मेयर मदन चौहान, डिप्टी मेयर रानी कालड़ा व अन्य अधिकारियों के साथ गांव भूत माजरा पहुंचे। उन्होंने यहां पहले श्मशान घाट का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद मेयर ने अधिकारियों को श्मशान घाट के शेड, टाइल वर्क, रास्ता पक्का करने व बैंच रखने समेत अन्य कार्य का तुरंत एस्टीमेट बनाकर इसका विकास कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने भूत माजरा के मंदिर के सामने खाली पड़ी जमीन में पार्क बनाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
मदन चौहान ने कहा कि श्मशान घाट एक ऐसा स्थान है, जहां एक दिन सबको जाना है। पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कराने का स्थान बेहतर व ठीक हो, इसके लिए हम निगम के सभी श्मशान घाटों का नवीनीकरण कर रहे हैं। जिन श्मशान घाट के रास्ते कच्चे हैं, उन्हें पक्का करवाया जाएगा। बैठने के लिए बैंच रखवाएं जाएंगे। टाइल वर्क व अन्य विकास कार्य श्मशान घाट में करवाएं जाएंगे। इसी के तहत भूत माजरा व मंडेबर गांव के संयुक्त श्मशान घाट का भी विकास कराया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। एस्टीमेट तैयार कर जल्द से जल्द इस कार्य को कराया जाएगा। पार्क विकसित होने से गांव के लोगों को सैर, व्यायाम व टहलने के लिए अच्छा स्थान मिलेगा।