यमुनानगर: लाउडस्पीकर से प्रार्थना सभा का मामला पकड़ रहा तूल, विवाद के बाद लोगों ने लगाए ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर
एकता विहार कालोनी स्थित चर्च में लाउडस्पीकर से प्रार्थना सभा का मामला तूल पकड़ रहा है। क्षेत्रवासी बोले- भूत प्रेत भगाने और धर्म परिवर्तन का खेल चल रहा है। पुलिस-प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर पलायन को मजबूर हो रहे।
विस्तार
उनका कहना है कि चर्च में भूत-प्रेत भगाने के नाम पर प्रपंच और धर्म परिवर्तन के दबाव से आहत होकर वे पलायन को मजबूर हो रहे हैं। दूसरी ओर गांव में पोस्टर की जानकारी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आया और फिर मौका मुआयना कर स्थिति की जानकारी ली।
भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष विक्रम राणा, जयभवानी सेना के आदित्य रोहिला और चिराग सिंघल ने कहा कि एकता कॉलोनी में चर्च बना हुआ है, जहां हर सप्ताह रविवार को चर्च में बाहर से 200-250 लोग आते हैं। लाउड स्पीकर की तेज आवाज में प्रार्थना करते हैं। चर्च में लोगों के अंदर से भूत निकालने का दावा किया जाता है।
इससे आसपास रहने वाले लोग परेशान हो गए हैं। प्रशासन से बातचीत के बाद तय हुआ था कि यहां पर आने वालों की लिस्ट बनाई जाएगी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घर पर मकान बिकाऊ का पोस्टर लगाने वाले बलविंद्र फौजी ने कहा कि 20 साल में इतने परेशान कभी नहीं हुए, जितने अब हैं।
आरोप है कि चर्च में आने वाले लोग उन्हें धमकाते हैं कि यहां से अपने घर बेच कर कहीं और चले जाओ। हर समय परिवार की सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। पुलिस व प्रशासन में सुनवाई नहीं है, इसलिए अब घर बेचने को मजबूर हो गए हैं।
रविवार को भी हुआ था विवाद
एकता विहार कॉलोनी में रविवार को भी विवाद हुआ था। कॉलोनी में जो चर्च है उसमें लाउड स्पीकर लगाकर प्रार्थना सभा हो रही थी। इस दौरान वहीं हिंदू संगठनों ने चर्च से कुछ दूर रहने वाली महिला के घर पर भजन कीर्तन शुरू कर दिया था। लोगों ने कहा था कि वह सावन माह के उपलक्ष्य में कीर्तन कर रहे हैं।
हिंदू संगठनों ने थाना फर्कपुर एसएचओ दिनेश पर आरोप लगाया था कि वह जहां भजन कर रहे थे, वहां एसएचओ जूते पहन कर आए। लोगों ने एसएचओ के खिलाफ थाने में शिकायत भी दी थी। इससे पहले भी प्रार्थना सभा व भजन कीर्तन को लेकर कई बार दोनों पक्ष आमने सामने हो चुके हैं।
मामले पर पुलिस की नजर, किसी को कानून हाथ में लेने की छूट नहीं : दिनेश
थाना फर्कपुर एसएचओ दिनेश का कहना है कि उन्हें कॉलोनी में मकान बिकाऊ होने के पोस्टर लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस कॉलोनी पर नजर रखे हुए है। यदि कोई व्यक्ति किसी को धमका रहा है तो वह पुलिस को सूचना दे। किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जाएगी।