यमुनानगर। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर अंबाला के खुड्ढा खुर्द निवासी सुमन से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप छछरौली निवासी मोहित व बैंक कॉलोनी निवासी अजय कुमार पर लगा है। पीड़ित के अनुसार, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देने के बाद मामले का पता चलने पर पुलिस को शिकायत दी। गांधीनगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंबाला के गांव खुड्डा खुर्द निवासी सुमन ने बताया कि साल 2024 में उसका संपर्क रिश्तेदार के माध्यम से छछरौली निवासी मोहित कुमार व बैंक कालोनी निवासी अजय कुमार से हुआ। दोनों आरोपी आपस में दोस्त है। आरोपियों ने उसे कहा था कि उनकी अधिकारियों से अच्छी जान पहचान है। वे उसकी हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत नौकरी लगवा देगा। उसकी बातों में आकर तैयार हो गई। दिसंबर 2024 में वह आरोपी अजय कुमार के घर अपने रिश्तेदार के साथ गई। जहां उनसे बातचीत की तो आरोपियों ने दस्तावेज लिए। इसके बाद डेढ़ लाख रुपये तुरंत मांगे। उस समय आरोपियों को 50 हजार रुपये दिए व बाद में एक लाख रुपये दे दिए। आरोपियों ने कहा कि उसकी स्वास्थ्य विभाग में ज्वाइनिंग कराई जाएगी। इसके लिए ज्वाइनिंग लेटर आ गया है। आरोपियों ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दे दिया। जब इस बारे में स्वास्थ्य विभाग में जाकर जानकारी ली तो पता लगा कि यह लेटर फर्जी है। गांधी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक जगबीर सिंह का कहना है कि दोनों आरोपियों को नामजद कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।