यमुनानगर।स्कूलों में अब विद्यार्थियों को दोपहर का भोजन करवाया जा सकेगा। जिसके लिए 2.10 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया है। कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम होने के बाद इसे शुरू करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन बजट के कारण इसमें अड़चन आ रही थी। बजट जारी होने के बाद जिले के 826 स्कूलों के 75 हजार विद्यार्थियों को स्कूल में भोजन करवाया जा सकेगा।
कोरोना संक्रमण के दौर से मिड डे मील योजना स्कूलों में बंद थी। अब यह योजना फिर शुरू कर दी गई है। मौलिक शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को इसके लिए पत्र जारी किया गया है। आदेश मिलने के बाद मिड डे मील प्रभारी इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। इस बारे में उप जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी पिरथी सैनी ने बताया कि निदेशालय के आदेशों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके लिए जिला स्तर पर मिड डे मील कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद खंड शिक्षा अधिकारियों को मील की राशि दी जाएगी। जिसके बाद यह राशि स्कूल के खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि काफी समय से योजना बंद थी। इसे लेकर फिर से सैटअप तैयार किया जा रहा है। इस सप्ताह के अंत तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। जिसके बाद विद्यार्थियों को भोजन परोसा जाएगा। बता दें कि कोरोना संक्रमण के दौर से विद्यार्थियों को मिड डे मील के राशन व राशि जारी की जा रही थी। अब स्थिति सामान्य हो गई है, जिसके बाद स्कूलों में ही भोजन पकाने की व्यवस्था की जा रही है।