सोनीपत रोड पर ढाबा चलाने वाले व्यक्ति ने उधार के पैसे मांगने पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ढाबा संचालक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव लाठ निवासी पवन ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह सोनीपत रोड के साथ ढाबा चलाता है। ढाबे पर रविंद्र, सागर, राहुल और काला अकसर खाना खाने के लिए आते थे। उनका कई माह का करीब 9,000 रुपये का बिल बकाया था। पवन ने कहा कि वह उनसे कई बार बकाया रुपये मांग चुका है, लेकिन वह नहीं दे रहे। सोमवार को उसने उनको रुपये देने के लिए कहा तो उन्होंने कहा कि आज तेरा हिसाब चुकता कर देंगे। बाद में जब वह ढाबे पर काम कर रहा था और उसका साथी बलराम नहर के निकट नलकूप से पानी लेने गया था तो उसी दौरान रविंद्र, काला, सागर और राहुल ढाबे पर आए। आरोप है कि उन्होंने आते ही ढाबे में तोड़फोड़ शुरू कर दी। डंडों से काउंटर और डी-फ्रिज को तोड़ दिया। पवन ने उनको रोकने की कोशिश की तो उसे डंडों से पीटना शुरू कर दिया। उसी समय बलराम पानी लेकर पहुंच गया और बीच-बचाव किया। आरोपी पवन को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। झगड़े में पवन के गले से सोने की चेन गुम हो गई। बलराज ढाबा संचालक पवन को सामान्य अस्पताल लेकर गया, जहां से उसे बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पवन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।