दिल्ली में हुई साथी की हत्या तो सोनीपत में छिपकर रह रहा था जिम ट्रेनर, फिल्मी स्टाइल में अपहरण
- स्कार्पियो में सवार होकर आए अपहरणकर्ता खुद को बता रहे थे पुलिसकर्मी, युवक को गाड़ी में डालकर हुए फरार
- युवक के भाई का आरोप मार्केट से बाइक पर घर आते हुए ओल्ड डीसी रोड से तारा नगर की गली में हुआ अपहरण
विस्तार
सोनीपत के न्यू तारानगर में परिवार के साथ रह रहे जिम ट्रेनर का ओल्ड डीसी रोड से स्कार्पियो सवार पांच-छह लोगों ने फिल्मी स्टाइल में अपहरण कर लिया। युवक अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर मार्केट से घर लौट रहा था। युवक के भाई ने दिल्ली के युवक पर उसके भाई के अपहरण का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि आरोपी उसके भाई के साथी की पहले ही हत्या कर चुका है। उससे छिपकर ही उसका भाई परिवार के साथ आठ-नौ माह से सोनीपत में रह रहा था।
पुलिस ने अपहरण सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में न्यू तारा नगर निवासी रोहन ने बताया कि वह मूलरूप से दिल्ली के जहांगीर पुरी स्थित महेंद्र पार्क के निकट पंजाबी कैंप का रहने वाला है। उसका बड़ा भाई गौरव (28) जिम ट्रेनर है। उसके भाई गौरव व उसके साथी दिनेश के खिलाफ आदर्श नगर दिल्ली के हनुमान रोड निवासी नवीन गुर्जर ने महेंद्रा पार्क, जहांगीर पुरी थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें दोनों गिरफ्तार हो गए थे। बाद में उसके भाई व उसके साथी की जमानत हो गई थी।
जमानत पर आने के बाद उसके भाई के साथी दिनेश की हत्या कर दी गई थी। जिसका आरोप नवीन गुर्जर पर लगा था। नवीन गुर्जर उस मामले में गिरफ्तार हो गया था। जिसके बाद नवीन गुर्जर पेशी के दौरान उसके भाई गौरव को धमकी देने लगा। साथ ही उन्हें परेशान कराता था। जिसके चलते करीब आठ-नौ माह पहले उसका भाई उसे व माता-पिता को लेकर सोनीपत आ गया था। यहां वह न्यू तारानगर में किराए पर छिपकर रहने लगे। जिसके बाद हमें पता लगा था कि नवीन उनकी तलाश कर रहा है।
वह जहांगीरपुरी स्थित उनके घर में रह रहे किराएदारों से भी उनके बारे में पूछने गया था। रोहन ने बताया कि सोमवार रात को वह तथा उसका भाई बाइक पर सवार होकर मार्केट से आ रहे थे। ओल्ड डीसी रोड से जब वह अपनी गली में जाने लगे तो इसी दौरान चार युवकों ने उन्हें रोक लिया। वह उसके भाई को जबरन उठाकर स्कार्पियो गाड़ी में डालकर ले गए।
वह खुद को पुलिस कर्मी बता रहे। एक युवक उनमें से डोगा गन (बंदूक) लिए था। वह उसके भाई को लेकर फरार हो गए। उन्होंने अपने स्तर पर अपने भाई के बारे में पता लगाने का प्रयास किया लेकिन सुराग नहीं लग सका। रोहन ने बताया कि उसे पूरा शक है कि नवीन गुर्जर ने ही उसके भाई का अपहरण किया है। पुलिस ने रोहन के बयान पर नवीन गुर्जर व अन्य के खिलाफ अपहरण, अवैध शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
युवक ने स्कार्पियो सवार लोगों पर उसके भाई के अपहरण का आरोप लगाया है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अपहृतकर्ता खुद को पुलिस कर्मी बता रहे थे। मामला शुरुआती जांच में संदिग्ध लग रहा है। यह भी संभव है कि कहीं की पुलिस युवक को हिरासत में लेकर गई हो। मामले की गहनता से जांच कर पटाक्षेप किया जाएगा। - दर्पण सिंह, थाना प्रभारी सिविल लाइन सोनीपत।