रोडरेज में बस चालक की हत्या: रोडवेज कर्मियों ने किया चक्का जाम, पुलिस ने बनाई SIT, 50 हजार का इनाम भी घोषित
साझा मोर्चा के पदाधिकारियों ने रोडरेज में जीप से कुचलकर बस चालक जगबीर सिंह की हत्या के मामले में जीप सवारों की गिरफ्तारी न होने पर रोष जताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अन्य डिपो से पहुंची इक्का-दुक्का बसों को भी सोनीपत बस डिपो में रोक लिया गया है। रोडवेज कर्मियों के चक्का जाम से यात्रियों को परेशानी हो रही है। साझा मोर्चा के पदाधिकारियों ने रोडरेज में जीप से कुचलकर बस चालक जगबीर सिंह की हत्या के मामले में जीप सवारों की गिरफ्तारी न होने पर रोष जताया।
रोडवेज कर्मचारियों ने कहा कि पुलिस ने मंगलवार को आश्वासन दिया था कि 24 घंटे में जीप सवारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन पर बस अड्डे पर लगाया ताला भी खोल दिया था। पुलिस अब तक जीप सवारों की पहचान करना तो दूर जीप का भी पता नहीं लगा पाई है। पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली को देखते हुए वीरवार तड़के 4 बजे से चक्का जाम किया गया है। साथ ही उनका कहना है कि अगर आवश्यकता हुई तो वह रोडवेज महानिदेशक से मिलने के लिए भी जाएंगे।
सोनीपत डिपो में रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा से रामपत, संयोजक मनजीत पहल, रोडवेज वर्कर्स यूनियन इंटक से संदीप मलिक, हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन एसके से नवीन राणा, संजय, सुरेंद्र, रोशन आदि मौजूद हैं। वह जगबीर की हत्या में थार सवारों की गिरफ्तारी व चालक के परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं। सोनीपत रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन व टीएम संजय मौके पर मौजूद है। पुलिस बल को भी लगाया गया गया है। सोनीपत रोडवेज डिपो से कोई बस बाहर नहीं गई है।
जगबीर हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी गठित
सोनीपत एसपी हिमांशु गर्ग ने कहा कि जगबीर हत्याकांड मामले में डीएसपी विपिन कादियान के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। टीम में पांच इंस्पेक्टर शामिल हैं। थार गाड़ी की सूचना देने वाले को 50 हजार का इनाम दिया जाएगा। सोनीपत पुलिस की 20 टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं। 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया है। इसके अलावा थार गाड़ी की पहचान के लिए दिल्ली पुलिस व महेंद्रा कंपनी से संपर्क किया गया है। दिल्ली नंबर की 4 हजार गाड़ियों को चेक किया जा रहा है। हमारी टीमें घर घर जाकर थार गाड़ियों को चेक करने में जुटी हैं। इसके अलावा नेशनल हाईवे 44 पर ढाबों की सीसीटीवी फुटेज भी चेक की जा रही है। मृतक जगबीर के बेटे संदीप ने आत्महत्या कर ली थी, उसके पोस्टमार्टम व दाह संस्कार के लिए परिजनों से बातचीत की जा रही है।वहीं अब पूरे मामले में राजनीति भी शुरू हो गई है। सोनीपत से कांग्रेसी विधायक सुरेंद्र पवार हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों से मिलने पहुंचे और पुलिस प्रशासन और सरकार को घेरा। सुरेंद्र पवार ने परिवार को एक करोड़ का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नाते हमारी मांग है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द हो।
जींद में एक भी बस नहीं चली
गुरुवार सुबह 4 बजे ही जींद रोडवेज में भी हड़ताल शुरू हो गई। जींद में रोडवेज कर्मचारियों ने कुंडली में चालक की कार से कुचलकर निर्मम हत्या करने के विरोध में हड़ताल शुरू की। हड़ताल के दौरान रोडवेज कर्मियों ने नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। उन्होंने मांग की कि चालक के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
हड़ताल पर उतरे रोडवेज कर्मचारी, लोग परेशान
सोनीपत में बस चालक की हत्या के विरोध में कुरुक्षेत्र के रोडवेज कर्मचारी भी सड़कों पर उतर आए हैं। कर्मचारियों ने सुबह से ही चक्का जाम कर दिया। रात को ही कर्मचारियों ने चक्का जाम रखने का एलान कर दिया था जिसके चलते रोडवेज प्रशासन ने भी एहतियात के तौर पर अधिकतर बसों को पुलिस लाइन में खड़ा कर दिया। अधिकारियों की ओर से कुछ बसें चलाई जाने का भी दावा किया जा रहा है लेकिन अधिकतर बसें पुलिस लाइन में ही खड़ी है तो वहीं कुछ बसें रोडवेज वर्कशॉप में बस अड्डे पर भी खड़ी रही। कर्मचारियों ने सुबह ही वर्कशॉप के गेट के आगे दरिया बिछा ली और धरना शुरू कर दिया जहां जमकर नारेबाजी की गई। कर्मचारियों ने बस चालक की हत्या करने के आरोपियों को जल पकड़े जाने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने के अलावा मृतक चालक के परिवार को आर्थिक सहायता वह सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि वह कहीं पर भी सुरक्षित नहीं है और कोई भी उन्हें निशाना बना रहा है रोडवेज चालक की हत्या प्रशासन व सरकार की नाकामी का परिणाम है।
महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से लंबे रूटों की बसें रही बंद
रोडवेज कर्मचारियों के चक्का जाम का असर महेंद्रगढ़ में भी रहा। महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से चंडीगढ़, जयपुर, दिल्ली सहित अन्य लंबे रूटों पर जाने वाली बसों को बंद रखा गया। वहीं कनीना बस स्टैंड पर राज्य परिवहन की बसों का संचालन नहीं किया गया। कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर में बैठकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान नारनौल से रेवाड़ी डिपो की बसें बंद रही लेकिन चरखी दादरी डिपो से बसें चलती रही।रोडवेज कर्मियों के चक्का जाम से यात्रियों को परेशानी रही। नारनौल डिपो सचिव कर्मवीर गाहड़ा ने बताया कि सांझा मोर्चा के पदाधिकारियों ने हरियाणा रोडवेज चालक जगबीर सिंह की हत्या के मामले में जीप सवारों की गिरफ्तारी न होने पर रोष है। पुलिस ने मंगलवार को आश्वासन दिया था कि 24 घंटे में जीप सवारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन पर बस अड्डे पर लगाया ताला भी खोल दिया था। पुलिस अब तक जीप सवारों की पहचान करना तो दूर जीप का भी पता नहीं लगा पाई है। पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली को देखते हुए चक्का जाम किया गया है। साथ ही उनका कहना है कि अगर आवश्यकता हुई तो वह रोडवेज महानिदेशक से मिलने के लिए भी जाएंगे।