सोनीपत: जहरीली दवा निगलने से बीएससी नर्सिंग की छात्रा की मौत, चार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
छात्रा के पिता ने चार युवक-युवतियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनीपत जिले के गोहाना शहर के एक निजी कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा ने जहरीली दवा निगल ली। बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। छात्रा के पिता ने चार युवक-युवतियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस पर शहर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बुटाना निवासी कपूर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी निशा (19) गोहाना शहर के एक निजी कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के प्रथम वर्ष में पढ़ती थी। गुरुवार को भी वह अन्य दिनों की तरह कॉलेज गई थी। कॉलेज की तरफ से उन्हें सूचना मिली कि निशा ने जहरीली दवा निगल ली है। इस पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में दाखिल कराया। वहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
यह भी पढ़ें ः हरियाणा विधानसभा: सदन में गूंजा खुले में नमाज नहीं पढ़ने देने का मामला, मेवात के विधायक बोले, धर्म के मामले में दखल न दे सरकार
कपूर सिंह का आरोप है कि उसकी बेटी निशा को अमन, उसका पति, अन्नू व अंकित किसी बात को लेकर प्रताड़ित करते आ रहे थे। इसी को लेकर उसने जहरीली दवा निगल ली, जिससे उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर गुरुवार को शहर थाना पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पहुंचकर छात्रा के शव का पोस्टमार्टम करवाया। साथ ही पुलिस ने अमन, उसका पति, अन्नू व अंकित पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक छात्रा के फोन की कॉल डिटेल खंगालेगी पुलिस
मृतका के पिता के आरोपों की जांच के लिए शहर थाना पुलिस निशा के फोन की कॉल डिटेल खंगालेगी। चूंकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी निशा को किस बात के लिए प्रताड़ित करते थे। पुलिस का कहना है कि फोन के रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जाएगा। इसी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कॉलेज की छात्रा ने जहरीली दवा निगल ली है, जिसकी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी अमन, उसके पति, अन्नू व अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक छात्रा के मोबाइल का रिकॉर्ड को भी खंगाला जाएगा, ताकि कारणों का पता चल सके। इसके साथ ही आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। - निरीक्षक बदन सिंह, शहर थाना प्रभारी, गोहाना