सिरसा: रिटायरमेंट से एक दिन पहले रोडवेज महाप्रबंधक चार्जशीट, हड़ताल के दौरान नहीं करवा पाए बसों का संचालन
रोडवेज कर्मचारी यूनियन के सुरजीत सिंह अरोड़ा ने कहा कि देर रात को रोडवेज महाप्रबंधक आरएस पूनिया ने तीनों कर्मचारियों को बातचीत करने के लिए कार्यालय में बुलाया था और इसी दौरान रोडवेज कर्मचारियों को पुलिस के हवाले कर दिया।
विस्तार
कर्मचारियों की हड़ताल के कारण रोडवेज महाप्रबंधक की ओर से बसों का संचालन न किए जाने के मामले में मुख्यालय ने सिरसा के महाप्रबंधक आरएस पूनिया को चार्जशीट कर दिया है। खास बात ये है कि जीएम 31 मार्च को रिटायर होने वाले हैं। चार्जशीट के साथ ही उनके सेवानिवृत्ति पर मिलने पर सभी लाभों पर रोक लगा दी गई है। वहीं राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल न होकर बसों को रूट पर ले जाने वाले चालक परिचालकों को जूतों का हार पहनाने के मामले में पुलिस की ओर से पांच आरोपियो को गिरफ्तार किया गया है और कोर्ट में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। कर्मचारियों को छुड़वाने के लिए रोडवेज के अन्य कर्मचारियों ने महाप्रबंधक के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
कर्मचारियों ने निकाला रोष मार्च
कर्मचारियों को छुड़वाने की मांग को लेकर बुधवार सुबह 10 बजे रोडवेज तालमेल कमेटी के सदस्य बस स्टैंड के मुख्य गेट पर एकत्र हुए। कर्मचारियों ने सरकार और रोडवेज महाप्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बस स्टैंड पर रोष मार्च निकाला। वहीं रोडवेज कर्मचारी यूनियन के सुरजीत सिंह अरोड़ा ने कहा कि बीते दिन देर रात को रोडवेज महाप्रबंधक आरएस पूनिया ने तीनों कर्मचारियों को बातचीत करने के लिए कार्यालय में बुलाया था और इसी दौरान रोडवेज कर्मचारियों को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने रोडवेज कर्मचारियों को जूतों की माला पहनाकर उनका अपमान किया है पुलिस उन आरोपियों को पकड़े। जबकि रोडवेज कर्मचारियों की ओर से किसी भी कर्मचारी का अपमान नहीं किया गया। कर्मचारियों ने मांग करते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से रिहा किया जाए। नहीं तो वह थाने का घेराव करने को भी मजबूर होंगे।
सिरसा से तीन और डबवाली से दो कर्मचारियों को किया गिरफ्तार
मंगलवार को डबवाली और सिरसा में बस का संचालन करने वाले कर्मचारियों को हड़ताली कर्मचारियों ने जूतों की माला पहनाई थी। जिसके बाद डबवाली पुलिस ने डबवाली से दो और सिरसा के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले को लेकर पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उन्हें जेल में भेज दिया गया है।