सिरसा। तीन वर्ष बाद जिलेभर के मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने धूमधाम से ईद मनाई। लोगों ने नमाज अदा कर एक दूसरे के गले मिल ईद की बधाई दी। अमन-चैन और भाईचारा बनाए रखने की कामना की गई। इस दौरान ईदगाह के बाहर सुरक्षा बल मुस्तैद रहा।
शहर के रानियां रोड स्थित ईदगाह पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलेभर के काफी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्र हुए। सुबह सात बजे ही ईदगाह में लोग नमाज अदा करने के लिए पहुंचने शुरू हो गए। सुबह आठ बजे नमाज अदा की गई। सभी लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों, दोस्तों और रिश्तेदारों के गले मिलकर एक दूसरे को ईद की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान मौलवी मोहम्मद सुलेमान नमाज अदा करवाई। मौलवी ने कहा कि हिंदू, मुसलमान, सिख और ईसाईयों का आपस में गहरा भाईचारा है, जोकि इसी तरह से कायम रहे। वहीं, उन्होंने सभी देशवासियों को ईद की बधाई दी और आपस में भाईचारा कायम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान लोगों को घरों में ही ईद अदा करनी पड़ी। तीन वर्ष बाद मंगलवार को इतनी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए है। ऐसे में लोगों के चेहरों पर भी काफी खुशी और उल्लास था। इस दौरान बच्चे, बुजुर्ग और नौजवान ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। इस मौके पर ताज मोहम्मद मिर्जा, डॉ. हलीम अख्तर मलिक, मुफ्ती मोहम्मद कासिम, यासिन भाई, मेघा खान, गुलफाम, निजाम मलिक, अयुब, सिकंदर, खलिक रहमान, याकुब मुग़ल, कासीम, आमीन खान, अकबर, चाचा शरीफ़ व अनवर आदि मौजूद रहे।

सिरसा रानियां रोड स्थित ईदगाह में नमाज अदा करते हुए मुस्लिम समाज के लोग। संवाद- फोटो : Sirsa