क्षेत्र के गांव अभोली में गेहूं निकालते वक्त कंबाइन से निकली चिंगारी से करीब आठ एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई। आसपास के किसानों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग को बढ़ता देखकर फायर विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद किसानों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। आग से जिन किसानों की फसलें जली हैं, उनमें रणजीत सिंह की चार एकड़, हरजिंद्र सिंह और तरसेम सिंह की दो एकड़, मिलखराज और कृष्ण की दो एकड़ फसल शामिल हैं।
जानकारी अनुसार बुधवार की सुबह गांव अभोली के किसान रणजीत सिंह के खेतों में कंबाइन से गेहूं की फसल निकालने का काम चल रहा था। दोपहर कंबाइन में शॉर्ट-सर्किट होने से निकली चिंगारी के कारण अचानक गेहूं की फसल में आग लग गई। आग को देखकर खेत के मालिक ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के किसान भी मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन हवा के प्रभाव के कारण आग बढ़ती गई और देखते ही देखते भयंकर रूप धारण कर लिया। इसपर लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया, जिसके बाद विभाग की गाड़ी ने आकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से पांच किसानों की करीब आठ एकड़ गेहूं की फसल जल गई।