सिरसा। नेशनल हाइवे किनारे बिना सीएलयू अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी चला अवैध निर्माण ढहा दिए गए। विभाग ने पुलिस टीम को साथ ले जाकर यह कार्रवाई की।
कार्रवाई से पहले विभाग ने सर्वे करवाया तो पता चला कि डबवाली रोड पर बाईपास के आसपास कई अवैध निर्माण हो गए हैं और अवैध रूप से ढाबे भी संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में विभाग ने संबंधित को शोकॉज नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए। लेकिन इसके बावजूद संबंधित लोग नहीं माने। इस पर जिला नगर योजनाकार राजकीर्ति ने टीम का गठन करके मौके पर भेजा। इस दौरान पुलिस टीम को भी साथ लिया गया। डीटीपी की टीम में शामिल धर्मपाल, रमणीक, निशांत, मनोज, सत्यवान, रामचंद्र पटवारी, शमशेर पटवारी सुरेंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाईवे किनारे बनाए गए अवैध निर्माण जेसीबी की सहायता से ढहा दिए गए। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से डॉ. नंदलाल, महेंद्र मेहता और परमेश्वरी देवी को शोकॉज नोटिस दिया था। लेकिन नोटिस पर ध्यान नहीं दिया तो कार्रवाई कर दी।