बर्तन स्टोर की आड़ में बिक रहे नशे का भंडाफोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव लोहगढ़ में एक मेडिकल स्टोर पर गर्भपात की किट बिकने की सूचना पर ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम ने बुधवार की देर शाम को छापामारी की। टीम को किट नहीं मिली, लेकिन बर्तन स्टोर की आड़ में चल रहे नशे के केंद्र का भंडाफोड़ हो गया। टीम को 33 प्रकार की दवाइयों का जखीरा मिला है। जिसमें नौ प्रकार की नारकोटिक्स ड्रग हैं। टीम ने मेडिकल संचालक तथा बर्तन स्टोर संचालक के खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
उपायुक्त को सूचना मिली थी कि गांव लोहगढ़ स्थित अभि मेडिकल पर गर्भपात की किट बेची जाती हैं। मुखबिर ने मेडिकल स्टोर से किट खरीदकर इसका साक्ष्य दिया। उपायुक्त शरणदीप कौर ने ड्रग विभाग को कार्रवाई करने के आदेश दिए। डीसीओ संदीप कुमार ने बुधवार शाम को सीआईए प्रभारी संदीप श्योराण की टीम को साथ लेकर उपरोक्त मेडिकल पर छापा मारा। टीम ने मेडिकल से सटे ढिल्लों बर्तन स्टोर पर दबिश दी। स्टोर के पीछे छुपाकर रखी गई नशे की दवा बरामद हुई। टीम को 33 प्रकार की दवा बरामद हुई है। जिसमें नौ दवाइयां नारकोटिक्स हैं। जांच में सामने आया है कि मेडिकल स्टोर संचालक किरणदीप ने गांव लोहगढ़ के कुलविंद्र सिंह को अपनी जगह बर्तन स्टोर चलाने के लिए किराए पर दी हुई थी। बर्तन स्टोर की आड़ में दोनों मिलकर नशे की दुकान चला रहे थे। बर्तन स्टोर से ही नशेड़ियों को नशे की आपूर्ति होती थी। देर रात तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वीरवार को पुलिस ने कुलविंद्र को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी जितेंद्र सिंह की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
सूचना यही थी कि अभि मेडिकल पर गर्भपात की किट मिलती है। लेकिन छापामारी के दौरान किट नहीं मिली। ढिल्लों बर्तन स्टोर पर बड़ी मात्रा में नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाइयां बरामद हुई हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पर्चा दर्ज करवाया गया है। मेडिकल संचालक के खिलाफ ड्रग एक्ट के तहत कार्रवाई अंजाम में लाई गई है। -संदीप कुमार, डीसीओ, सिरसा