{"_id":"b4e2314ad35d4afd0c3a46a081bfac1e","slug":"theft-in-atm-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"चौकी प्रभारी का निशाना चूका, भाग गए एटीएम चोर","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
चौकी प्रभारी का निशाना चूका, भाग गए एटीएम चोर
अमर उजाला सिरसा/ब्यूरो
Updated Wed, 24 Feb 2016 11:43 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिरसा में एटीएम उखाड़ ले जाने के चार दिन बाद चोरों ने डबवाली की पुरानी अनाज मंडी स्थित यूनियन बैंक का एटीएम उखाड़ने का प्रयास किया।
विज्ञापन
सायरन बजने से मौका पर पहुंची पुलिस ने भाग रहे चोरों पर गोली दागकर रोकने का प्रयास किया। अगर निशाना अचूक होता तो एटीएम चोर हरियाणा पुलिस की गिरफ्त में होते।
विज्ञापन
फिलहाल बैंक प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीसीटीवी कैमरा-1
सुबह पौने चार बजे की वारदात
सुबह तीन बजकर 46 मिनट पर बिना नंबर की सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी यूनियन बैंक से थोड़ा आगे ब्रेक लगाती है। कुछ ही पलों में चालक गाड़ी को पीछे करके बैंक के ठीक सामने ले आता है।
विज्ञापन
करीब एक मिनट बाद गाड़ी की पिछली खिड़की से दो लोग बाहर आते हैं। जिन्होंने अपने चेहरे को मंकी कैप से छिपा रखा है। उनके हाथों में रॉड हैं।
बैंक के आगे लगी कंटीली तार को हटाने के बाद वे साइड में कर देते हैं। गिरोह का एक सदस्य एक मिनट से पहले एटीएम रूम के शटर पर लगे दोनों ताले चटका देता है।
जबकि दूसरा सेंट्रल लॉक तोड़ देता है। इसी दौरान तीसरा सदस्य एटीएम रूम के पास आता है। तोड़े गए तालों को उठाकर गाड़ी में रख लेता है।
तीन बजकर 49 मिनट पर किसी के आने की आहट पाकर तीनों स्कॉर्पियो में जा बैठते हैं। इस दौरान गाड़ी की साइड की खिड़की खुली रखते हैं।
दो सदस्य गाड़ी से उतरकर अलग-अलग दिशाओं में जाकर रेकी करते हुए सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहे हैं। तीन बजकर 50 मिनट पर एक सदस्य को बैंक के बाहर लगे कैमरे का पता चलता है, वह कैमरे पर स्प्रे कर देता है।
शटर उठाते ही एक सदस्य एटीएम रूम के भीतर घुसता है। एटीएम मशीन पर लगे कैमरे तथा भीतर लगे अन्य कैमरों पर स्प्रे कर उन्हें बंद कर देता है।
बाहर लगे कैमरे पर स्प्रे होने के बावजूद धुंधला नजर आ रहा है। चालक गाड़ी को एटीएम लादने के लिए रूम के आगे ले आता है।
तीन बजकर 52 मिनट पर गाड़ी की पिछली खिड़की खोलकर चार सदस्य लोहे की चैन बाहर निकालते हुए एटीएम मशीन की ओर ले जाते हैं। इसी दौरान सायरन बज उठता है। आरोपी गाड़ी लेकर भाग निकलते हैं।
चौकी प्रभारी ने की रोकने की कोशिश
यूनियन बैंक गोल बाजार पुलिस चौक से महज कुछ कदम दूरी पर है। चौकी की बगल में प्रभारी एसआई देसराज रहते हैं। जैसे ही उन्हें सायरन बजने की आवाज सुनाई दी, तो वे पैदल ही बैंक की ओर चल दिए।
बैंक का एटीएम खुला होने पर उनका माथा ठनका। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो पुलिस चौकी की ओर से आती हुई दिखाई दी। चौकी प्रभारी ने हाथ देकर उसे रोकने का प्रयास किया।
चालक ने गाड़ी को भगा लिया। चौकी प्रभारी ने गोली दागकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। चालक गाड़ी को दुर्गा मंदिर एरिया की ओर से पंजाब में ले गया।
चौकी प्रभारी देसराज ने बताया कि उसने टायर को टारगेट करते हुए निशाना साधा था। दूरी करीब 25 से 30 फुट होगी। गाड़ी स्पीड में थी। अगर चौकी प्रभारी का निशाना न चूकता तो एटीएम चोर पुलिस की गिरफ्त में होते।
हड़बड़ाहट में थे चोर
19-20 फरवरी की रात को एटीएम चोरों ने सिरसा के बरनाला रोड स्थित यूनियन बैंक के एटीएम को निशाना बनाया था। चार दिन बाद 23-24 फरवरी की रात को पुरानी अनाज मंडी स्थित एटीएम को निशाना बनाने आए चोर हड़बड़ाहट में थे।
अक्सर छह से सात मिनट में वारदात को अंजाम देने वाले चोर तकनीकी विशेषज्ञ की तरह एटीएम मशीन से जुड़ी वायर काटते हैं। इस बार सायरन सिस्टम से जुड़ी वायर काट दी। जिससे सायरन बज उठा। इस एटीएम मशीन में एक लाख 62 हजार रुपये की नकदी थी।
फिंगर प्रिंट भी नहीं छोड़ते
पंजाब, हरियाणा तथा राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में घूम रहा यह गिरोह शातिर है। वारदात के समय अक्सर बिना नंबर की गाड़ी का प्रयोग करते हैं।
यहीं नहीं वारदात को अंजाम देते समय हाथों पर दास्ताने पहनते हैं। ताकि फिंगर प्रिंट न रहें। इस बार भी ऐसा ही हुआ।
एटीएम चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि यूनियन बैंक के दोनों ओर घर होने के बावजूद वे एक पल के लिए भी नहीं डरे।
घरों को बाहर से कुंडा लगा दिया। सायरन बजने से योजना विफल होने के बावजूद एक बार फिर पुलिस की परीक्षा ली।
एटीएम उठाने के लिए पुन: एक गली में घूमकर पुलिस चौकी के बिल्कुल पास से गुजरते हुए बैंक के सामने आ गए। अगर चौकी प्रभारी की आंख न खुलती तो एटीएम ले जाते।
सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू
चौकी प्रभारी देसराज की सूचना पाकर डीएसपी सत्यपाल, शहर थाना प्रभारी सुखदेव सिंह मौका पर पहुंचे। पुलिस की कई टीमें स्कॉर्पियो गाड़ी का पीछा करते हुए पंजाब में प्रवेश कर गई।
लेकिन गाड़ी कहीं नहीं मिली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस दुर्गा मंदिर एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक कर रही है।
गाड़ी बदली, स्टाइल वही
अब तक एटीएम चोर सिल्वर रंग की इनोवा गाड़ी प्रयोग कर रहे थे। पुलिस गाड़ी की बिनाह पर शातिर अपराधियों को खोज रही थी। पुलिस से एक कदम आगे चलते हुए एटीएम चोर अब इनोवा की जगह स्कॉर्पियो प्रयोग करने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो का मॉडल पुराना है। संभव है कि पुरानी गाड़ी का इस्तेमाल हो रहा है। आरोपियों ने बेशक गाड़ी बदल ली। स्टाइल वही है। वारदात को महज छह से सात मिनट में निपटाने का।
पुलिस के पास नहीं था बैंक मैनेजर का नंबर
यूनियन बैंक शाखा डबवाली के मैनेजर राजकिशोर ने करीब ढाई माह पूर्व कार्यभार संभाला था। लेकिन पुलिस के पास उनका मोबाइल नंबर नहीं था। पुलिस ट्रांसफर होकर हिसार गए तत्कालीन शाखा प्रभारी प्रमोद कुमार को कॉल कर रही थी। तत्कालीन प्रभारी सूचना सुनकर हैरान रह गए। बाद में उन्होंने बताया कि उनका ट्रांसफर हो गया है। उन्होंने ही वर्तमान प्रबंधक राजकिशोर को सूचित किया।
कोई नहीं आया मौके पर
यूनियन बैंक का सायरन करीब एक घंटा तक बजता रहा। कोई भी व्यक्ति मौका पर नहीं आया। चूंकि यूनियन बैंक का सायरन अक्सर तकनीकी फाल्ट के चलते बजता ही रहता है। यही सोचकर इस बार कोई भी व्यक्ति मौका पर नहीं आया।
पीसीआर चौकी एरिया में स्थित अन्य एटीएम की रखवाली कर रही थी। अन्य पुलिसकर्मी गश्त कर रहे थे। मैंने स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया था। लेकिन उन्होंने गाड़ी भगा ली। मैं टायर को टारगेट करके गोली दागी थी। लेकिन वह कहां लगी, इसका पता नहीं। बैंक मैनेजर राजकिशोर की शिकायत पर केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
-देसराज, प्रभारी, गोल बाजार पुलिस चौकी