सिरसा: बैरक में बंदी ने फंदा लगा की आत्महत्या, नाबालिग के साथ विवाह और दुष्कर्म के आरोप में था बंद
दो दिन बाद बंदी की परिजनों द्वारा जमानत करवाई जानी थी। नाबालिग के साथ विवाह करने और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और बीते चार माह से वह जेल में बंद था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सिरसा जिले में बरनाला रोड स्थित जिला जेल के बैरक में बंदी ने गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बंदी ने फंदा बैरक के अंदर जंगले में लगाया। बंदी को दो दिन बाद जमानत करवानी थी। लेकिन रविवार रात को ही उसने आत्महत्या कर जीवन लीला समाप्त कर ली। वहीं मृतक के परिजनों ने अन्य बंदियों द्वारा उसे परेशान करने के आरोप लगाए हैं और उन पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। नाबालिग के साथ विवाह करने और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और बीते चार माह से वह जेल में बंद था।
मृतक के भाई जगविंद्र सिंह निवासी हाउसिंग बोर्ड फ्लैट ने बताया कि उसके भाई हाकम सिंह ने नाबालिग के साथ शादी की थी। गर्भवती होने पर वह उसे टीकाकरण के लिए अस्पताल में ले गया। जहां पर डॉक्टरों को उसके नाबालिग होने का अहसास हुआ। इस पर उन्होंने समाज कल्याण विभाग को सूचित किया। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
जांच के दौरान पुलिस ने किशोरी के नाबालिग होने पर हाकम सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हाकम सिंह करीब चार माह से जेल में बंद था और दो दिन बाद परिजन उसकी जमानत करवाने वाले थे। लेकिन आरोपी ने सोमवार को जेल के बैरक में आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना जेल प्रशासन ने पुलिस को दी। वहीं मृतक के भाई जगविंद्र सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दिन पहले उसकी मां की हाकम सिंह से बात हुई थी।
जिसमें हाकम ने बताया था कि उसके साथ के बंदी उसे 20 वर्ष की जेल होने की बात कह रहे हैं। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वहीं उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बैरक में उसके साथ के लोगों द्वारा परेशान किए जाने के कारण ही हाकम ने आत्महत्या की है। इस बारे में उन्होंने हुडा चौकी पुलिस को मामले की शिकायत दे उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
जेल में बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने मामले में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए है और फिलहाल इत्तफाकिया की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मृतक के भाई के बयान दर्ज किए गए हैं। - एएसआई बिजेंद्र सिंह, इंचार्ज, हुड्डा चौकी सिरसा।