सिरसा। वेतन बढ़ाने और सरकारी दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर्स ने सोमवार को विधायक गोपाल कांडा के कार्यालय का घेराव किया। करीब एक घंटे तक घेराव करने के बाद आंगनबाड़ी वर्कर्स वहां से लौट गईं। वर्कर्स ने कहा कि विधायक को वह पहले भी कई बार मांग पत्र सौंप चुकी हैं, लेकिन इसके बाद भी उनकी मांगों पर कोई सुनवाई तक नहीं हो पा रही। इस दौरान हिसारिया बाजार की आवाजाही भी बाधित रही।
सोमवार दोपहर बाद आंगनबाड़ी वर्कर्स लघु सचिवालय से प्रदर्शन करते हुए शहर के मुख्य बाजारों से होकर हिसारिया बाजार स्थित सिरसा के विधायक गोपाल कांडा के कार्यालय के बाहर पहुंची। यहां पर वर्कर्स को रोकने के लिए पहले से ही पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। पुलिस कर्मियों ने वर्कर्स को उनके कार्यालय से कुछ दूरी पर ही रोक दिया। रोष प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रधान कृष्णा दहिया ने कहा कि वह मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रही है। लेकिन विधायकों की ओर से उनकी कोई भी सुनवाई नहीं की जा रही, जिसके कारण उन्हें अब काम छोड़कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है। लोकल स्तर पर जिन समस्याओं का हल हो सकता है, वह भी अधिकारी नहीं करवा पा रहे हैं। करीब एक घंटा प्रदर्शन करने के बाद वर्कर्स बिना मांग पत्र दिए ही वापस लौट गई। वहीं, उन्होंने कहा कि उनका रोष प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। इस मौके पर शकुंतला जागलान, मनीषा रानी, सुनीता रानी, राम कृष्ण कौर व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।