ओढां। गांव चोरमार के दशमेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चोरी की घटना को अंजाम देने मामले में ओढां पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले के गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी डबवाली निवासी महीपाल को 4 दिन के रिमांड उपरांत सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी काशीराम बैनीवाल ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी ने पूछताछ में डबवाली निवासी अशोक कुमार, राजू व राजेंद्र सहित तीन और आरोपियों के बारे में जानकारी दी। उक्त आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस ने 2 टीमें बनाई। सूचना के आधार पर आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की योजना महीपाल ने ही बनाई थी। आरोपियों में से राजेंद्र गांवों में फेरी लगाने का कार्य करता है। उसने ही स्कूल की रेकी की थी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों ने 5 सितंबर की रात को स्कूल के दोनों चौकीदारों को बंधक बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चारों आरोपी नशे के आदी हैं। इसी की पूर्ति के लिए उन्होंने ये चोरी की। आरोपी जाते हुए चौकीदारों का मोबाइल भी साथ ले गए थे। जिसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से उनकी लोकेशन निकालते हुए एक आरोपी महीपाल को पकड़ लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से चोरीशुदा 2 एलसीडी, यूपीएस, मोबाइल फोन व नकदी बरामद की है।