हरियाणा: 10 फरवरी से पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे पहली से 9वीं तक के स्कूल, 10वीं से 12वीं तक पहले ही खुल चुके
हरियाणा में स्कूल खोलने को लेकर शिक्षा मंत्री की ओर से हरी झंडी दे दी गई है। 10वीं से 12वीं तक के स्कूल एक फरवरी से खुल चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में पहली से नौवीं तक के स्कूल भी दस फरवरी से खुल जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को सरकार ने मंजूरी दे दी है। सोमवार को सेकेंडरी शिक्षा निदेशक जे. गणेशन ने शिक्षा मंत्री कंवरपाल को स्कूल खोलने का प्रस्ताव भेजा था।
इस पर मंगलवार को शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की। उन्होंने प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए स्कूल खोलने के आदेश दे दिए। कंवरपाल ने कहा कि कक्षाओं में कोविड-19 नियमों का पालन किया जाएगा। बच्चों के लिए स्कूल पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे। हाजिरी अनिवार्य नहीं होगी। बच्चे स्वेच्छा से आ सकते हैं। उन्हें अभिभावकों का सहमति पत्र साथ लाना होगा। जो अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजना चाहते हैं, वे भेज सकते हैं। कक्षाएं ऑनलाइन भी चलती रहेंगी।
शिक्षा विभाग ने भेजा था सरकार को प्रस्ताव
हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने पहली से नौवीं तक के स्कूल खोलने की तैयारी कर ली है। विभाग ने दस फरवरी से इन कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी स्कूल बुलाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा था। इसमें कहा गया है कि अब प्रदेश में कोरोना संक्रमण दर कम हो गई है। रोजाना के मामलों में भी बड़ी गिरावट आई है। इसलिए 10 फरवरी से सभी कक्षाओं के बच्चों को स्कूल बुलाया जाए।
सेकेंडरी शिक्षा निदेशक जे. गणेशन ने कहा था कि विभाग ने सरकार को प्रस्ताव भेजा है। शिक्षा मंत्री कंवर पाल अब स्कूल खोलने को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से चर्चा करेंगे। उनके निर्णय अनुसार ही आगे बढ़ा जाएगा। गणेशन ने कहा कि विभाग कोविड मानकों का पालन करते हुए स्कूलों को खोलने के लिए पूरी तरह तैयार है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
जे. गणेशन ने कहा कि कोरोना काल में जो निजी स्कूल सरकार की अनुमति के बिना पहली से नौवीं के बच्चों की कक्षाएं लगा रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों की हर जिले से रिपोर्ट मंगवाई है।